हनुमान मंदिर प्रतिमा चोरी और भूमि पर कब्जे के प्रयास का आरोप लगा भाजपा नेताओं ने डीएम को सौंपा ज्ञापन, दोषियों पर कार्रवाई की मांग
आजमगढ़: शहर कोतवाली के बलरामपुर क्षेत्र में एक विवादित भूमि पर स्थित हनुमान मंदिर की प्रतिमा चोरी होने और अवैध कब्जे के प्रयास का मामला गरमा गया है। भाजपा के पूर्व जिला उपाध्यक्ष हरिवंश मिश्रा के साथ पूर्व कोषाध्यक्ष मयंक गुप्ता के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर इस मामले में निष्पक्ष जांच और ठोस कार्रवाई की मांग की है।
भाजपा नेताओं का आरोप है कि डॉक्टर नदीम अहमद और उसके साथियों ने मंदिर की प्रतिमा चोरी की है, जिसके संबंध में एफआईआर भी दर्ज है। इसके अलावा, मामला कोर्ट में लंबित होने के बावजूद कुछ असामाजिक तत्वों और “आज़ाद सिक्योरिटी” नामक संस्था की मदद से भूमि पर अवैध कब्जे की साजिश रची जा रही है। 15 मई को मयंक गुप्ता की अनुपस्थिति में उनके अहाते की ईंटें हटाने और टिनशेड को क्षतिग्रस्त करने की घटना भी सामने आई है, जिससे क्षेत्र में तनाव है।
प्रतिनिधिमंडल ने डीएम से विवादित भूमि पर अवैध कब्जा रोकने, क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने, चोरी हुई प्रतिमा को पुनः स्थापित कराने और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।
