तेल की किल्लत पर बढ़ा विवाद, लाठी-डंडे और रॉड लेकर पहुंचे दबंग; पेट्रोल पंप पर मचा हड़कंप, कई घायल

तेल की किल्लत पर बढ़ा विवाद, लाठी-डंडे और रॉड लेकर पहुंचे दबंग; पेट्रोल पंप पर मचा हड़कंप, कई घायल

आजमगढ़ जिले के मुबारकपुर थाना क्षेत्र में स्थित बरडीहा उर्फ गडेरूआ गांव के एक पेट्रोल पंप पर तेल देने को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद शुक्रवार देर शाम हिंसक झड़प में बदल गया। आरोप है कि दर्जनों लोगों ने पेट्रोल पंप पहुंचकर कर्मचारियों पर हमला कर दिया, जिसमें एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया।
जानकारी के मुताबिक विशेन बीएस पेट्रोलियम पेट्रोल पंप पर शुक्रवार दोपहर करीब 3:30 बजे कुछ युवक पेट्रोल भरवाने पहुंचे। उस समय पेट्रोल की सीमित उपलब्धता के कारण कर्मचारियों ने दोपहिया वाहनों में केवल 300 रुपये तक का तेल देने की बात कही। इसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार विवाद बढ़ने पर युवक नाराज होकर वहां से चले गए।
आरोप है कि शाम करीब 7 बजे वही लोग अपने कई साथियों और एक महिला के साथ दोबारा पेट्रोल पंप पहुंचे। इस दौरान उनके हाथों में लाठी-डंडे, लोहे की रॉड और अन्य हथियार थे। आते ही उन्होंने पेट्रोल पंप कर्मचारियों के साथ मारपीट शुरू कर दी, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
बताया जा रहा है कि झगड़ा शांत कराने पहुंचे पेट्रोल पंप मालिक के चाचा सतीश चंद सिंह पर भी हमला किया गया। उनके सिर पर लोहे की रॉड से वार किए जाने की बात सामने आई है, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद आसपास के लोगों और राहगीरों की भीड़ जमा हो गई।
मारपीट और हंगामे के बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। भगदड़ के दौरान उनकी तीन मोटरसाइकिल घटनास्थल पर ही छूट गईं, जिन्हें पुलिस ने कब्जे में ले लिया है।
पीड़ित पक्ष की तहरीर पर पुलिस ने किशन चौहान, एक महिला समेत करीब 20 लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

सीओ सिटी शुभम तोदी ने बताया कि पेट्रोल पंप पर तेल भरवाने को लेकर कुछ लोगों के बीच आपसी कहासुनी हुई, जिसने बाद में मारपीट और विवाद का रूप ले लिया।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। मुबारकपुर थाने में दोषियों के खिलाफ कठोर और सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए घटना में शामिल किशन चौहान पुत्र राम लक्ष्मण चौहान निवासी पिचरी थाना मुबारकपुर उम्र 22 वर्ष सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उनके पास से घटना में प्रयुक्त लोहे का रॉड बरामद किया है। पुलिस की गिरफ्त में आते ही आरोपी किशन चौहान हाथ जोड़कर माफी मांगता नजर आया

सीओ के अनुसार, यह मुकदमा लगभग एक दर्जन से अधिक लोगों के खिलाफ दर्ज किया गया है।
इनमें से कुछ नामजद आरोपी हैं और कुछ अज्ञात हैं। पुलिस आगे की कानूनी और विधिक कार्रवाई कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *