आजमगढ़। कोतवाली पुलिस ने आगापुर स्थित बरूआ बाबा मंदिर में हुई चोरी की घटना का सफल खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मंदिर से चोरी किया गया घंटा और अन्य सामान भी बरामद किया है। गिरफ्तार आरोपियों में चोरी करने वाला युवक और चोरी का सामान खरीदने वाला दुकानदार शामिल है।
पुलिस के अनुसार, 20 जुलाई 2026 की रात अज्ञात चोरों ने बरूआ बाबा मंदिर का ताला तोड़कर पीतल के घड़े, घंटे, साउंड सिस्टम, दानपेटी में रखी नकदी समेत अन्य सामान चोरी कर लिया था। इस संबंध में कोतवाली थाने में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
घटना के खुलासे के लिए गठित पुलिस टीम ने 5 अगस्त की रात करीब 10:40 बजे हाफिजपुर क्षेत्र से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। पूछताछ में विजय चौहान ने मंदिर में चोरी की बात स्वीकार करते हुए बताया कि उसने चोरी का सामान बिलरियागंज निवासी अशोक कुमार पटेल को मात्र 1,500 रुपये में बेच दिया था। वहीं अशोक कुमार पटेल ने भी कम कीमत पर चोरी का सामान खरीदने और पहले भी ऐसा सामान खरीदने की बात स्वीकार की।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से मंदिर से चोरी किया गया घंटा और अन्य सामान बरामद कर लिया। दोनों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए न्यायालय भेज दिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विजय चौहान उम्र 30 वर्ष, निवासी बलरामपुर, थाना कोतवाली तथा अशोक कुमार पटेल उम्र 45 वर्ष, निवासी बिलरियागंज के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार दोनों का कोई पूर्व आपराधिक इतिहास नहीं है।
इस कार्रवाई को चौकी प्रभारी बलरामपुर उपनिरीक्षक मिथिलेश कुमार प्रजापति के नेतृत्व में कांस्टेबल सुमित कुमार, नीरज कुमार, अमित कुमार, राहुल पाण्डेय और पंकज शर्मा की टीम ने अंजाम दिया।
