जीयनपुर पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल, दबंगों की धमकी से सहमी पीड़िता पहुंची एसएसपी की चौखट

जीयनपुर पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल, दबंगों की धमकी से सहमी पीड़िता पहुंची एसएसपी की चौखट

आजमगढ़ (जीयनपुर): जीयनपुर थाना क्षेत्र के करनपुर सरैया (चुनहवा) गांव की रहने वाली पीड़िता मीना देवी (पत्नी स्व० रामदरश) ने पुलिस अधीक्षक (SSP) आजमगढ़ को शिकायती प्रार्थना पत्र देकर न्याय की गुहार लगाई है। पीड़िता का आरोप है कि पुरानी रंजिश के चलते गांव के ही मनबढ़ दबंगों ने लाठी-डंडों से लैस होकर जान से मारने की नीयत से उन्हें दौड़ा लिया और गाली-गलौज की।
पीड़िता मीना देवी के अनुसार, 04 अगस्त 2026 की सुबह करीब 8 बजे वह किसी आवश्यक कार्य से गोरखपुर जाने के लिए अपने घर से निकली थीं। उसी दौरान पुरानी रंजिश को लेकर गांव के ही सुमन (पुत्री गुलाब), मीना (पत्नी गुलाब), गुलाब (पुत्र रामप्रसाद), राहुल, भोला और गोला (पुत्रगण गुलाब) लामबंद होकर अपने हाथों में लाठी-डंडा लेकर आ धमके। आरोप है कि सभी ने एक राय होकर गाली-गलौज करते हुए पीड़िता को जान से मारने की नीयत से दौड़ा लिया। उस वक्त मीना देवी किसी तरह जान बचाकर वहां से भाग निकलीं।
पीड़िता जब उसी दिन शाम करीब 4 बजे अपने घर वापस लौटीं, तो उक्त दबंगों ने पुनः उन्हें गाली देते हुए मारपीट पर आमादा हो गए और दौड़ा लिया। इसके बाद भयभीत पीड़िता तुरंत जीयनपुर थाने पहुंची। पीड़िता का आरोप है कि पुलिस ने दबंगों के खिलाफ कार्रवाई करने के बजाय उल्टा उन्हें ही डांट-फटकार लगाकर थाने से भगा दिया।
घटना के वक्त मौके पर गांव के संदीप, पंचदेव समेत कई लोग मौजूद थे, लेकिन दबंगों के डर की वजह से कोई बीच-बचाव में आगे नहीं आया। पीड़िता मीना देवी का कहना है कि वे इस वक्त काफी डरी और सहमी हुई हैं तथा उनके साथ कभी भी कोई अनहोनी हो सकती है।

पीड़िता ने 06 अगस्त 2026 को आजमगढ़ एसएसपी से लिखित शिकायत करते हुए मामले की निष्पक्ष जांच कराने और आरोपियों के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कराने के लिए आदेश जारी करने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *