आजमगढ़। मेहनगर थाना क्षेत्र के ग्राम हटवा में बधाई मांगने गईं किन्नरों के एक समूह ने दूसरे पक्ष पर गाली-गलौज और मारपीट करने का आरोप लगाया है। पीड़ितों ने जिलाधिकारी को प्रार्थना-पत्र देकर आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई और जान-माल की सुरक्षा की मांग की है।
प्रार्थना-पत्र के अनुसार रूबी किन्नर, मैना किन्नर, मिष्ठी किन्नर, बहोगी किन्नर समेत आठ किन्नर 14 सितंबर को ग्राम हटवा में बधाई मांगने गई थीं। आरोप है कि वहां संगीता किन्नर के पति संतोष राजभर, सोनी किन्नर के पति आर्यन कुमार, नेहा किन्नर समेत कुछ अन्य लोगों ने उनके साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी।
पीड़ितों का आरोप है कि मारपीट में मैना, मिष्ठी और बहोगी किन्नर को गंभीर चोटें आईं और उनके सिर में टांके लगे हैं। उनका कहना है कि घटना के बाद मेहनगर थाने में शिकायत दी गई, लेकिन कोई प्रभावी सुनवाई नहीं हुई।
पीड़ित पक्ष ने यह भी आरोप लगाया कि 20 दिसंबर 2025 को मऊ जनपद में भी उनके साथ मारपीट की गई थी। पुरानी रंजिश के चलते लगातार परेशान करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए किन्नर समूह ने जिलाधिकारी से मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई और सुरक्षा की मांग की है।
