कन्नौज में भाकियू श्रमिक जनशक्ति की समीक्षा बैठक, किसानों के हितों को लेकर बनी कार्ययोजना
कन्नौज। भारतीय किसान यूनियन (श्रमिक जनशक्ति) की जिला स्तरीय समीक्षा बैठक सोमवार को तिर्वा स्थित जिला कार्यालय में जिलाध्यक्ष दिनेश कुमार की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में संगठन की गतिविधियों की समीक्षा के साथ किसान हितों से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में मुख्य अतिथि राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राजेश कुमार ने कहा कि संगठन किसानों और मजदूरों की समस्याओं के समाधान के लिए निरंतर कार्य कर रहा है। उन्होंने पदाधिकारियों से गांव स्तर तक संगठन को मजबूत बनाने और किसानों की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर उठाने का आह्वान किया। प्रदेश वरिष्ठ उपाध्यक्ष हरिमोहन सिंह ने कहा कि किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य, सिंचाई, बिजली और सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए संगठन लगातार संघर्ष करेगा।
जिलाध्यक्ष दिनेश कुमार ने जिले में संगठन की गतिविधियों की समीक्षा करते हुए सदस्यता अभियान को और तेज करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि किसानों की समस्याओं के समाधान के लिए प्रशासनिक स्तर पर लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। यदि जरूरत पड़ी तो संगठन किसानों के हित में आंदोलन करने से भी पीछे नहीं हटेगा।
बैठक में संगठन विस्तार, आगामी कार्यक्रमों और किसान पंचायतों के आयोजन को लेकर भी रणनीति बनाई गई। पदाधिकारियों ने गांव-गांव पहुंचकर किसानों को संगठन से जोड़ने तथा उनकी समस्याओं को प्रमुखता से उठाने का संकल्प लिया।
इस दौरान जिला वरिष्ठ उपाध्यक्ष महेंद्र यादव, जिला प्रवक्ता रामसेवक राजपूत, सतीश चंद्र, विवेक उर्फ गोलू सहित अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। बैठक के अंत में किसान हितों की रक्षा के लिए एकजुट होकर संघर्ष करने का संकल्प लिया गया।
