कनैथा मोड़ पर युवक को रोककर जातिसूचक गालियां और जान से मारने की धमकी देने का आरोप, एसएसपी से लगाई न्याय की गुहार
आजमगढ़। सरायमीर थाना क्षेत्र के फत्तनपुर गांव निवासी एक व्यक्ति ने जमीन के लेन-देन को लेकर कुछ लोगों पर अभद्रता, जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करने तथा जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, फत्तनपुर निवासी संजय कुमार पुत्र इन्द्राज ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को दिए गए प्रार्थना पत्र में बताया है कि शेरवां गांव निवासी गुफरान अहमद पुत्र मंजूर अहमद ने उनसे जमीन खरीदने के लिए 35 हजार रुपये बतौर बयाना दिए थे। आरोप है कि बाद में शेष धनराशि का भुगतान नहीं किया गया। जब संजय कुमार ने बाकी रकम की मांग की तो गुफरान अहमद ने जमीन लेने से इंकार कर दिया और अपना बयाना वापस मांग लिया, जिसे प्रार्थी द्वारा लौटा दिया गया।
संजय कुमार का आरोप है कि 11 जून 2026 को दोपहर करीब एक बजे जब वह कनैथा मोड़, सरायमीर के पास पहुंचे, तभी गुफरान अहमद अपने साथियों हारून और नदीम के साथ मोटरसाइकिल से आए और उनकी गाड़ी को ओवरटेक कर रोक लिया। आरोप है कि तीनों ने उन्हें वाहन से खींचकर बाहर निकाल लिया तथा गाली-गलौज करते हुए जातिसूचक शब्दों का प्रयोग किया। इतना ही नहीं, आरोपियों ने जमीन का बैनामा न करने पर गोली मारकर जान से खत्म करने की धमकी भी दी।
पीड़ित का कहना है कि आरोपी दबंग प्रवृत्ति के हैं और उनके विरुद्ध पहले से कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। घटना की सूचना थाना सरायमीर को दिए जाने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं की गई, जिसके बाद उन्होंने रजिस्ट्री के माध्यम से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ को प्रार्थना पत्र भेजकर न्याय की गुहार लगाई है।
पीड़ित ने एसएसपी से मामले की निष्पक्ष जांच कराते हुए आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई कराने तथा थाना सरायमीर को आवश्यक निर्देश देने की मांग की है।
