आजमगढ़: मारपीट के मुकदमे में कार्रवाई न होने का आरोप, पीड़ित ने एसएसपी से लगाई न्याय की गुहार

आजमगढ़: मारपीट के मुकदमे में कार्रवाई न होने का आरोप, पीड़ित ने एसएसपी से लगाई न्याय की गुहार

आजमगढ़ के जीयनपुर थाना क्षेत्र के मुस्लिमपुर गांव निवासी संदीप कुमार ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) को शिकायती पत्र देकर मारपीट के मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी और सुरक्षा की मांग की है। पीड़ित का आरोप है कि मुकदमा दर्ज होने के बावजूद पुलिस अब तक किसी आरोपी को गिरफ्तार नहीं कर सकी है, जिससे उनका परिवार लगातार भय के साये में जी रहा है।

शिकायत के अनुसार, 30 दिसंबर 2025 की शाम करीब पांच बजे पट्टीदारी विवाद को लेकर गुलाब, मीना देवी, राहुल, भोला, गोला और सुमन सहित अन्य लोग लाठी-डंडों से लैस होकर उनके घर में घुस आए और परिवार के सदस्यों के साथ मारपीट की। आरोप है कि हमले में संदीप कुमार, छन्नू लाल, लीलावती, पंचदेव, अनामिका और अंशिका घायल हो गए। पीड़ित ने घटना का वीडियो साक्ष्य होने का भी दावा किया है। सभी घायलों का पुलिस की निगरानी में चिकित्सकीय परीक्षण कराया गया और इलाज जारी है।

इस मामले में जीयनपुर थाने में मुकदमा अपराध संख्या 536/2025 के तहत बीएनएस की विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किया गया है। इसके बावजूद आरोपियों द्वारा लगातार गाली-गलौज, जान से मारने की धमकी देने और रास्ता रोककर मारपीट करने का आरोप लगाया गया है।

पीड़ित का कहना है कि 3 जनवरी 2026 की शाम भी आरोपी उनके घर पहुंचे और जान से मारने की नीयत से धमकी दी। डर के कारण परिवार ने घर का दरवाजा बंद कर किसी तरह रात बिताई। शिकायत के बावजूद पुलिस की ओर से आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं की गई।

संदीप कुमार ने एसएसपी से मांग की है कि जीयनपुर थाना पुलिस को आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी और प्रभावी कानूनी कार्रवाई के निर्देश दिए जाएं, ताकि उनके परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *