राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग के सदस्य सत्येन्द्र कुमार बारी ने जन चौपाल व प्रेस वार्ता के जरिए योजनाओं का किया प्रचार, स्व-गणना के लिए किया जागरूक

राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग के सदस्य सत्येन्द्र कुमार बारी ने जन चौपाल व प्रेस वार्ता के जरिए योजनाओं का किया प्रचार, स्व-गणना के लिए किया जागरूक

शनिवार को सत्येन्द्र कुमार बारी बीनू, सदस्य राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग उ०प्र० ने अपने दो दिवसीय भ्रमण कार्यक्रम के तहत विकासखंड बिलरियागंज के ग्राम भगतपुर में जन चौपाल आयोजित कर ग्रामीणों को पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग की विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने पात्र लाभार्थियों से योजनाओं का अधिकाधिक लाभ उठाने की अपील की।

जन चौपाल के दौरान उन्होंने ग्रामीणों से संवाद कर योजनाओं की पहुंच और लाभ की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि सरकार पिछड़ा वर्ग के सामाजिक एवं आर्थिक सशक्तिकरण के लिए निरंतर प्रयासरत है और योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाना प्राथमिकता है।

उन्होंने आगामी जनगणना के अंतर्गत स्व-गणना में भागीदारी का आह्वान करते हुए बताया कि 07 मई से 21 मई तक नागरिक मोबाइल के माध्यम से ऑनलाइन स्व-गणना कर सकते हैं, जबकि 22 मई से 20 जून तक एचएलओ कार्य में सहयोग करेंगे। उन्होंने कहा कि सही जानकारी ही सशक्त राष्ट्र की नींव है।

दूसरे दिन कलेक्ट्रेट सभागार में प्रेस वार्ता एवं अधिकारियों के साथ बैठक कर योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन की समीक्षा की गई। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि योजनाओं का लाभ पारदर्शिता और समयबद्धता के साथ पात्र व्यक्तियों तक पहुंचाया जाए।

उन्होंने बताया कि पूर्वदशम छात्रवृत्ति कक्षा 9-10 के तहत 2250 वार्षिक सहायता, दशमोत्तर छात्रवृत्ति एवं शुल्क प्रतिपूर्ति, ओ-लेवल/सीसीसी निःशुल्क कंप्यूटर प्रशिक्षण, तथा शादी अनुदान योजना के तहत 20,000 की सहायता प्रदान की जा रही है। सभी योजनाओं के लिए आवेदन प्रक्रिया ऑनलाइन निर्धारित पोर्टलों के माध्यम से संचालित है।

कार्यक्रम में जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी, जिला समाज कल्याण अधिकारी, जिला प्रोबेशन अधिकारी, जिला सूचना अधिकारी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *