ज्ञानेंद्र व आर्यवीर ने स्वर्ण पदक जीतकर बढ़ाया प्रदेश का मान सम्मान
शिलांग, मेघालय में आयोजित 14वीं सीनियर नेशनल पेंचक सिलाट चैंपियनशिप में आजमगढ़ के खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन
मेघालय की राजधानी शिलांग में 05 जुलाई से 08 जुलाई तक आयोजित 14वीं सीनियर नेशनल पेंचक सिलाट चैंपियनशिप में उत्तर प्रदेश तथा जनपद आजमगढ़ के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कई पदक अपने नाम किए और प्रदेश का गौरव बढ़ाया।
प्रतियोगिता में ज्ञानेंद्र चौहान ने 75-80 किलोग्राम भार वर्ग में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक जीता। वहीं आर्यवीर सिंह ने 60-65 किलोग्राम भार वर्ग में स्वर्ण पदक हासिल कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। इसके अलावा सात्विक यादव ने 70-75 किलोग्राम भार वर्ग में रजत पदक प्राप्त किया तथा अंजलीका यादव ने 75-80 किलोग्राम भार वर्ग में रजत पदक जीतकर उत्तर प्रदेश और आजमगढ़ का नाम रोशन किया।
चैंपियनशिप में आजमगढ़ से रानी दुबे, अनुराग कुमार, अनमोल यादव, सूरज यादव तथा मनीष यादव ने भी प्रतिभाग किया और अपने शानदार खेल प्रदर्शन से जिले का प्रतिनिधित्व किया।
इस अवसर पर पेंचक सिलाट स्पोर्ट्स एसोसिएशन ऑफ़ उत्तर प्रदेश के महासचिव सूरज प्रकाश श्रीवास्तव ने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश के खिलाड़ी लगातार राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं और यह उपलब्धि प्रदेश में पेंचक सिलाट खेल के बढ़ते स्तर का प्रमाण है। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों की मेहनत, अनुशासन और प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन का ही परिणाम है कि प्रदेश के खिलाड़ी राष्ट्रीय मंच पर अपनी अलग पहचान बना रहे हैं। इन विजेता खिलाड़ियों को अब विश्व चैंपियनशिप,एशियन चैंपियनशिप, 39 वें नेशनल गेम्स मेघालय, खेलों इंडिया बीच गेम्स दमन एवं दीव तथा कॉमनवेल्थ पेंचक सिलाट चैंपियनशिप में भारतीय टीम की तरफ़ से हिस्सा लेने का अवसर प्राप्त होगा ।
महासचिव सूरज प्रकाश श्रीवास्तव ने कहा कि आजमगढ़ के खिलाड़ियों ने जिस प्रकार राष्ट्रीय प्रतियोगिता में पदक जीतकर प्रदेश का गौरव बढ़ाया है, उससे जिले के अन्य युवा खिलाड़ियों को भी प्रेरणा मिलेगी। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि आने वाले समय में उत्तर प्रदेश के खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भी देश का नाम रोशन करेंगे।
खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर खेल प्रेमियों, प्रशिक्षकों एवं जनपदवासियों ने हर्ष व्यक्त करते हुए सभी खिलाड़ियों को उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी हैं।
इस अवसर पर नगर अध्यक्ष भाजपा मृगांक शेखर सिन्हा, पिछड़ा मोर्चा ज़िलाध्यक्ष लालगंज रतन गुप्ता, मंडल अध्यक्ष सरायमीर रामभुवन मौर्य,जिला मंत्री भाजपा शैलेश प्रजापति, सभासद आलोक श्रीवास्तव,सभासद प्रिंस सिंह मोटी, मयंक श्रीवास्तव,पल्लव श्रीवास्तव,सौरभ कन्नौजिया,राज सिंह,निखिल श्रीवास्तव आदि मौजूद रहे।
