आजमगढ़: महिला ने जमीन विवाद में जेसीबी से बाउंड्री तोड़ने और जानलेवा हमले का लगाया आरोप, एसपी से लगाई गुहार

आजमगढ़: महिला ने जमीन विवाद में जेसीबी से बाउंड्री तोड़ने और जानलेवा हमले का लगाया आरोप, एसपी से लगाई गुहार

आजमगढ़। सिधारी थाना क्षेत्र के भदुली गांव निवासी मंजू पांडेय ने पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र देकर जमीन विवाद में दबंगों पर बाउंड्रीवाल गिराने और परिवार पर जानलेवा हमला कराने का आरोप लगाया है। पीड़िता ने मामले में कार्रवाई की मांग की है।

मंजू पांडेय के अनुसार, उन्होंने 20 जुलाई 2025 को रजिस्ट्री के माध्यम से जमीन खरीदी थी, जिसके सभी दस्तावेज उनके पास मौजूद हैं। उनका कहना है कि जमीन पर पहले से बाउंड्रीवाल बनी हुई थी और पिछले करीब चार महीने से वह निर्माण कार्य करा रही हैं। वर्तमान में बीम डालने का काम चल रहा था।

पीड़िता का आरोप है कि पड़ोसी अशोक यादव ने जमीन के आगे वाले हिस्से को लेकर विवाद शुरू कर दिया और दावा किया कि निर्माण का कुछ हिस्सा उनकी जमीन में जा रहा है। मंजू पांडेय का कहना है कि उन्होंने अपनी बाउंड्री के बाहर कोई निर्माण नहीं कराया है।

शिकायत में आरोप लगाया गया है कि 17 जुलाई की सुबह करीब 9 बजे अशोक यादव ने जेसीबी लगवाकर उनकी करीब 10 साल पुरानी बाउंड्रीवाल गिरवा दी। विरोध करने पर उनके बेटे नितिन पांडेय और पति राजकुमार पांडेय के साथ मारपीट की गई, जिसमें उन्हें चोटें आईं।

पीड़िता ने बताया कि विवाद को लेकर दो दिन पहले सिधारी थाने में शिकायत दी गई थी, लेकिन आरोप है कि कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने आरोप लगाया कि दोबारा थाने जाने पर भी सुनवाई नहीं हुई।

मंजू पांडेय ने एसपी से जेसीबी चालक और संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई करने, परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने और उनके निर्माण कार्य में बाधा न डालने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *