पुरानी जेल की 12 एकड़ जमीन पर बनेगा कन्वेंशन सेंटर, पार्क और शॉपिंग कॉम्प्लेक्स, सीएम योगी की घोषणा से आजमगढ़ में खुशी की लहर

आजमगढ़ : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को आजमगढ़ के महाराजा सुहेलदेव विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान आजमगढ़ सदर और मुबारकपुर विधानसभा की 955 करोड़ की 39 परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया वहीं उन्होंने जनसभा को संबोधित करते हुए आजमगढ़ शहर के मध्य में स्थित पुरानी जेल की 12 एकड़ जमीन पर आजमगढ़ विकास प्रकरण के माध्यम से कन्वेंशन सेंटर पार्क और शॉपिंग कॉम्प्लेक्स बनाने की घोषणा की। मुख्यमंत्री की घोषणा के बाद से जनपद वासियों में हर्ष की लहर है क्योंकि करीब 10 वर्षों से जनपद वासी पुरानी जेल की खाली पड़ी जमीन पर पार्क बनाने की मांग करते रहे हैं।मुख्यमंत्री की घोषणा के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए उत्तर प्रदेश के कारागार मंत्री दारा सिंह चौहान ने आज़मगढ़ के पुराने जिला जेल की खाली पड़ी लगभग 12 एकड़ भूमि के उपयोग के संदर्भ में एक महत्वपूर्ण बयान दिया है। उन्होंने आज़मगढ़ को पूर्वांचल का एक ऐतिहासिक जिला बताया, जिसकी आज़ादी की लड़ाई में अग्रणी भूमिका रही है। उन्होंने वीर कुंवर सिंह और स्वतंत्रता संग्राम में शहीद हुए अन्य लोगों का भी स्मरण किया।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आज़मगढ़ के लोगों और यहाँ के विकास से हमेशा गहरा जुड़ाव रहा है, जिसके तहत क्षेत्र में सड़कों का जाल बिछाने के लिए हजारों करोड़ की परियोजनाएं दी गई हैं।
मंत्री ने बताया कि आज़मगढ़ नगरपालिका के पास स्थित पुरानी जेल की जो जमीन लगभग 12 एकड़ से अधिक अब खाली पड़ी है, वह शहर के बीचों-बीच स्थित है। जेल के दूसरी जगह मण्डलीय कारागार, इटौरा स्थानांतरित हो जाने के बाद, इस कीमती जमीन पर भू-माफियाओं या अन्य तत्वों द्वारा अवैध कब्जा होने की संभावना बनी रहती है।
आज़मगढ़ के वासियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और मीडिया की मांग का हवाला देते हुए उन्होंने कहा कि शहर में कोई अच्छा पार्क नहीं है। इसलिए उन्होंने मंच के माध्यम से मुख्यमंत्री से अपील की है कि इस खाली भूमि पर एक भव्य पार्क, म्यूजियम या कन्वेंशन सेंटर का निर्माण कराया जाए, जिससे आज़मगढ़ के लोगों को एक बड़ी सौगात मिल सके।
कारागार मंत्री ने बताया कि आजमगढ़ के विकास के लिए एक ही जगह पर कई प्रकार की सुविधाएं विकसित करने की अपार संभावनाएं हैं।
स्थानीय जनता की दशकों पुरानी मांग को ध्यान में रखते हुए, यहाँ एक अच्छा पार्क, म्यूजियम और कन्वेंशन सेंटर बनाने का प्रस्ताव है। इसके अलावा कई अन्य सांस्कृतिक व सामाजिक गतिविधियां भी यहाँ शुरू की जा सकेंगी।
मंत्री जी ने बताया कि उनके विशेष अनुरोध को स्वीकार करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंच से ही जिलाधिकारी और संबंधित अधिकारियों को इस संबंध में जल्द से एक व्यापक और उचित प्रस्ताव बनाकर प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।
इस प्रोजेक्ट के लिए पर्याप्त जमीन पहले से उपलब्ध है, जिससे काम शुरू करने में आसानी होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *