विश्व पर्यावरण दिवस पर पुलिस लाइन में वृक्षारोपण, ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान से दिया संरक्षण का संदेश
आजमगढ़। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर शुक्रवार को जनपद आजमगढ़ में ‘एक पेड़ माँ के नाम’ महाभियान के अंतर्गत पुलिस लाइन परिसर में वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण, हरित विकास एवं प्राकृतिक संसाधनों के संवर्धन के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाना तथा अधिक से अधिक लोगों को वृक्षारोपण के लिए प्रेरित करना रहा।
कार्यक्रम में पुलिस उपमहानिरीक्षक आजमगढ़ परिक्षेत्र सुनील कुमार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार, अपर पुलिस अधीक्षक नगर मधुवन कुमार सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण चिराग जैन, क्षेत्राधिकारी नगर, क्षेत्राधिकारी सदर सहित अन्य पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सहभागिता करते हुए ‘एक पेड़ माँ के नाम’ पौधरोपण किया।
अधिकारियों ने पुलिस लाइन परिसर में पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया तथा वृक्षों के संरक्षण एवं संवर्धन का संकल्प लिया। इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि वृक्ष पृथ्वी के पर्यावरणीय संतुलन, स्वच्छ वायु, जल संरक्षण तथा मानव जीवन के लिए अत्यंत आवश्यक हैं। प्रत्येक व्यक्ति को अपने जीवन में कम से कम एक पौधा अवश्य लगाना चाहिए और उसके संरक्षण की जिम्मेदारी भी निभानी चाहिए।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने पर्यावरण संरक्षण की शपथ ली। साथ ही जनसामान्य से अधिकाधिक वृक्षारोपण कर हरित, स्वच्छ एवं समृद्ध उत्तर प्रदेश के निर्माण में सहभागी बनने की अपील की गई।
