शारदीय नवरात्र पर सुरक्षा को लेकर अलर्ट हुई ठठिया पुलिस, कस्बे में निकाला फ्लैग मार्च
ठठिया संवाददाता। शारदीय नवरात्र के प्रथम दिन शांति और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए ठठिया पुलिस ने कस्बे में फ्लैग मार्च निकाला। थाना प्रभारी संजीव कुमार के नेतृत्व में पुलिस बल ने प्रमुख मार्गों और बाजारों में भ्रमण कर लोगों को सुरक्षा का भरोसा दिलाया। साथ ही त्योहार को शांतिपूर्ण ढंग से मनाने की अपील की।
फ्लैग मार्च के दौरान थाना प्रभारी ने कहा कि त्योहार के दौरान शांति व्यवस्था बिगाड़ने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस क्षेत्र की गतिविधियों पर नजर रख रही है, ताकि लोग बिना किसी भय के नवरात्र का पर्व मना सकें।
इस दौरान पुलिस टीम ने बाजारों और प्रमुख रास्तों पर लोगों, विशेषकर महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षा संबंधी जानकारी दी। पुलिसकर्मियों ने 112 आपातकालीन सेवा, 1090 वीमेन पावर लाइन और 1076 मुख्यमंत्री हेल्पलाइन के बारे में बताते हुए जरूरत पड़ने पर इन नंबरों पर संपर्क करने के लिए जागरूक किया।
पुलिस की सक्रियता से कस्बे में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर लोगों में भरोसा नजर आया। इस दौरान उपनिरीक्षक दिनेश चंद्र, राजकुमार शर्मा, अंकित यादव तथा कांस्टेबल मंजीत चौधरी, आदित्य तिवारी, अभय प्रताप, सौरभ बालियान, विवेक यादव समेत थाने के अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे।
