मिलावट की जांच करने पहुंची खाद्य विभाग की टीम के सामने दो पक्ष भिड़े, छतों से बरसे ईंट-पत्थर
ठठिया संवाददाता। अल्लागंज तिराहे पर सरसों तेल के कारखाने में मिलावट के मामले की जांच करने पहुंची खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम के सामने ही दो पक्षों में विवाद हो गया। देखते ही देखते दोनों ओर से लाठी-डंडे चलने लगे और छतों से जमकर ईंट-पत्थर बरसाए गए। इससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हालात बिगड़ते देख टीम वापस लौट गई। घटना के दो दिन बाद रविवार को मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने लगा। हालांकि, वायरल वीडियो की सत्यता की पुष्टि ‘हिन्दुस्तान’ अखबार नहीं करता है। जानकारी के मुताबिक, अल्लागंज तिराहे पर सरसों तेल का एक कारखाना संचालित है। कुछ समय पहले खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने मिलावटी तेल मिलने के मामले में कारखाना मालिक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। इसी मामले की जांच-पड़ताल के लिए शुक्रवार को खाद्य सुरक्षा अधिकारी तिर्वा मंजरी मिश्रा और रवींद्र साहू टीम के साथ कारखाने पर पहुंचे थे। टीम के पहुंचते ही स्थानीय स्तर पर यह चर्चा फैल गई कि विभागीय कार्रवाई के पीछे किसी पड़ोसी का हाथ है। इसी शक को लेकर कारखाने से जुड़े लोगों और पड़ोसी पक्ष के बीच कहासुनी शुरू हो गई। विवाद बढ़ने पर दोनों पक्षों के लोग लाठी-डंडे लेकर आमने-सामने आ गए। इसके बाद छतों से एक-दूसरे पर ईंट-पत्थर फेंके जाने लगे। अचानक हुए बवाल से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। तनावपूर्ण माहौल को देखते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम वापस लौट गई। ठठिया थाना प्रभारी संजीव कुमार ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच जमीन को लेकर भी पुराना विवाद चल रहा है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दोनों पक्षों से एक-एक व्यक्ति को हिरासत में लेकर शांति भंग की आशंका में चालान किया है। मामले के अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।
वहीं, मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी संतोष श्रीवास्तव ने बताया कि तेल कारखाने के खिलाफ विभाग की ओर से मुकदमा दर्ज कराया गया था। उसी मामले की जांच के लिए टीम मौके पर पहुंची थी। उन्होंने स्पष्ट किया कि विभागीय अधिकारियों के साथ कोई वाद-विवाद नहीं हुआ था।
