सपा सांसद डिंपल यादव का सरकार और चुनाव आयोग पर तीखा हमला
मैनपुरी समाजवादी पार्टी की सांसद डिंपल यादव ने आज पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक की। बैठक के बाद पत्रकारों से रूबरू होते हुए उन्होंने चुनाव आयोग, आगामी बजट और फिल्म जगत से जुड़े विवादों पर बेबाकी से अपनी राय रखी।
चुनाव आयोग पर सवाल: डिंपल यादव ने कहा कि चुनाव आयोग की निष्पक्षता पर लगातार सवाल उठ रहे हैं। उन्होंने जोर देकर कहा कि लोकतंत्र की गरिमा बनाए रखने के लिए इलेक्शन कमीशन को पूरी तरह पारदर्शी और निष्पक्ष तरीके से चुनाव संपन्न कराने चाहिए।
ममता बनर्जी को समर्थन: पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी द्वारा लाए जा रहे महाभियोग (Impeachment) के मुद्दे पर उन्होंने स्पष्ट किया कि पूरा विपक्ष एकजुट है और इस मामले में ममता बनर्जी का पूर्ण समर्थन करेगा।
बजट पर घेरा: सोमवार को होने वाली बजट चर्चा पर बोलते हुए सांसद ने कहा कि इस बार का बजट पूरी तरह निराशाजनक है। उन्होंने आरोप लगाया कि “आम बजट” में आम जनता के लिए कुछ भी नहीं है।
वेब सीरीज ‘घोस्ट’ पर विवाद: वेब सीरीज ‘घोस्ट का पंडित’ से जुड़े विवाद पर उन्होंने सवाल उठाया कि ऐसी फिल्में और सीरीज भाजपा सरकार के कार्यकाल में ही क्यों आती हैं, जिनसे किसी विशेष जाति या समुदाय की भावनाओं को ठेस पहुँचती है और उन्हें अपमानित होना पड़ता है।
चीन और आत्मनिर्भर भारत: भाजपा की नीतियों पर प्रहार करते हुए उन्होंने कहा कि एक तरफ सरकार ‘आत्मनिर्भर भारत’ का ढिंढोरा पीट रही है, वहीं दूसरी तरफ चीन के साथ व्यापार में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। यह सरकार के कथनी और करनी के अंतर को दर्शाता है।
