आजमगढ़: फरिहा स्थित आजमगढ़ कॉन्वेंट स्कूल में परीक्षा फल वितरण समारोह का भव्य आयोजन
आजमगढ़ जिले के फरिहा कस्बे में स्थित आजमगढ़ कॉन्वेंट स्कूल में परीक्षा फल वितरण समारोह बड़े ही उत्साह और गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि चेयरमैन वसीम अहमद उर्फ पप्पू पेजर रहे।
समारोह की शुरुआत विद्यालय के प्रबंधक महफूज़ खान द्वारा मुख्य अतिथि एवं अन्य अतिथियों का माल्यार्पण व अंगवस्त्र पहनाकर सम्मानित करते हुए की गई। इस दौरान विद्यालय के बच्चों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया।
कार्यक्रम में उत्कृष्ट अंक प्राप्त करने वाले मेधावी विद्यार्थियों को मुख्य अतिथि व अन्य अतिथियों के हाथों पुरस्कार व परीक्षा फल वितरित किया गया।
मुख्य अतिथि चेयरमैन वसीम अहमद ने अपने संबोधन में कहा कि आज के दौर में शिक्षा ही वह शक्ति है, जिसके माध्यम से व्यक्ति समाज और देश को नई दिशा दे सकता है। शिक्षा के बल पर ही हम दुनिया में अपनी पहचान बना सकते हैं।
वहीं एमडीएस स्कूल के प्रबंधक अरुण कुमार मिश्रा ने कहा कि आज के समय में शिक्षा के बिना किसी भी क्षेत्र में आगे बढ़ना संभव नहीं है। आजमगढ़ कॉन्वेंट स्कूल अपनी उत्कृष्ट शिक्षा व्यवस्था के कारण क्षेत्र में एक अलग पहचान बना चुका है, जिससे आसपास के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्राप्त करने में सुविधा मिल रही है।
विद्यालय के प्रबंधक शाहिद खान ने कहा कि इस स्कूल को खोलने का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र के बच्चों को बेहतर शिक्षा उपलब्ध कराना है। उन्होंने बताया कि विद्यालय में फीस को यथासंभव कम रखा गया है ताकि आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चे भी शिक्षा से वंचित न रहें।
वहीं महिला कॉलेज के प्रबंधक महफूज़ खान ने अपने संबोधन में कहा कि शिक्षा के बिना समाज का विकास संभव नहीं है। उन्होंने अभिभावकों से अपील करते हुए कहा कि यदि जरूरत पड़े तो एक वक्त कम खाएं, लेकिन अपने बच्चों की पढ़ाई जरूर कराएं, क्योंकि शिक्षा ही उनके उज्ज्वल भविष्य की कुंजी है।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि वसीम अहमद, महफूज़ खान, शाहिद खान, अरुण कुमार मिश्रा, फखरे आलम, जमशेद अहमद, प्रधानाचार्य धर्मेंद्र गौड़, राजेश यादव, विवेकानंद यादव सहित विद्यालय के शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में अभिभावक उपस्थित रहे।
