आजमगढ़: फरिहा नवीन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का MOIC ने किया निरीक्षण, जर्जर भवन के पुनर्निर्माण का दिया आश्वासन
आजमगढ़। विकास खंड रानी की सराय अंतर्गत स्थित फरिहा नवीन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का मंगलवार को चिकित्सा अधीक्षक (MOIC) डॉ. मनीष तिवारी ने अपनी स्वास्थ्य टीम के साथ औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्वास्थ्य केंद्र की व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य केंद्र की कई दीवारें जर्जर एवं क्षतिग्रस्त मिलीं। इसके अलावा परिसर में स्थित आयुष्मान आरोग्य मंदिर का भी निरीक्षण किया गया। डॉ. मनीष तिवारी ने संबंधित कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना विभाग की प्राथमिकता है और इसके लिए भवन की स्थिति भी बेहतर होना आवश्यक है।
डॉ. मनीष तिवारी ने बताया कि निरीक्षण के दौरान भवन की टूटी एवं जर्जर दीवारों को गंभीरता से संज्ञान में लिया गया है। उन्होंने आश्वासन दिया कि स्वास्थ्य केंद्र के आवश्यक मरम्मत एवं पुनर्निर्माण का प्रस्ताव शीघ्र तैयार कराकर कार्य शुरू कराया जाएगा, ताकि मरीजों और स्वास्थ्यकर्मियों को सुरक्षित एवं बेहतर वातावरण मिल सके।
उन्होंने यह भी कहा कि स्वास्थ्य केंद्र की सभी मूलभूत सुविधाओं को सुदृढ़ करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं और समय-समय पर निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की जाएगी।
इस दौरान डॉ. मनीष तिवारी, डॉ. अब्दुल्ला खान सहित स्वास्थ्य विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
