नेताजी की पुण्यतिथि पर भावुक हुए बलराम यादव, बोले- 2027 में जनता दोहराएगी 1977 का इतिहास

नेताजी की पुण्यतिथि पर भावुक हुए बलराम यादव, बोले- 2027 में जनता दोहराएगी 1977 का इतिहास

ऐंकर – समाजवादी पार्टी के संस्थापक, उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और देश के पूर्व रक्षा मंत्री स्वर्गीय मुलायम सिंह यादव की चौथी पुण्यतिथि पर शनिवार को अतरौलिया स्थित सपा कार्यालय में श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। इस दौरान सपा के राष्ट्रीय महासचिव एवं पूर्व मंत्री बलराम यादव समेत पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने नेताजी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया। नेताजी को याद करते हुए बलराम यादव भावुक हो गए। उन्होंने कहा कि समाजवादी विचारधारा को मानने वालों के लिए यह दिन अत्यंत दुखदायी और महत्वपूर्ण है। नेताजी की स्मृतियां समाजवाद और सामाजिक समरसता के लिए संघर्ष करने की ताकत देती हैं। पूर्व मंत्री बलराम यादव ने कहा कि मुलायम सिंह यादव के निर्वाण दिवस पर उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल, बिहार समेत देश के विभिन्न हिस्सों में लोग उन्हें याद कर रहे हैं। नेताजी ऐसे राजनेता थे, जिन्होंने दशकों तक प्रदेश और राष्ट्रीय राजनीति को प्रभावित किया। उनके विचार, सिद्धांत और जनसेवा का संकल्प समाजवादी कार्यकर्ताओं के लिए सदैव प्रेरणास्रोत बने रहेंगे।
आगामी विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर बलराम यादव ने विश्वास जताया कि जनता 1977 का इतिहास दोहराएगी और उत्तर प्रदेश में सत्ता परिवर्तन करेगी। उन्होंने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि पूर्वांचल और बिहार में कम कृषि भूमि होने के कारण बड़ी संख्या में लोग रोजी-रोटी की तलाश में दूसरे प्रदेशों में पलायन करने को मजबूर हैं। उन्होंने कहा कि नोटबंदी और लॉकडाउन के कारण उद्योग-धंधे बंद हुए और लोगों का रोजगार छिन गया। उनके मुताबिक, सरकार विकास के बजाय विज्ञापनों तक सीमित रह गई है। सपा के राष्ट्रीय महासचिव ने युवाओं के रोजगार और भर्ती परीक्षाओं का मुद्दा उठाते हुए आरोप लगाया कि युवा दूर-दराज के शहरों में परीक्षाएं देने जाते हैं, लेकिन बाद में पेपर लीक होने से उनकी मेहनत पर पानी फिर जाता है।

श्रद्धांजलि सभा के बाद बलराम यादव अमर शहीद राजा जय लाल सिंह 100 शैय्या संयुक्त जिला चिकित्सालय, अतरौलिया पहुंचे। यहां उन्होंने अस्पताल में भर्ती करीब सौ मरीजों को फल वितरित किए और उनके स्वास्थ्य का हाल जाना।
इस मौके पर नगर अध्यक्ष सुभाष चंद्र जायसवाल, राधेश्याम यादव, रणविजय यादव, घनानंद गिरी, बलवंत यादव, राजेंद्र राम, तजम्मुल, डब्बू निषाद, जनार्दन यादव, महेंद्र, रमाकांत, केके यादव, अरविंद प्रजापति और रामहित समेत कई लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *