16वें महाविशाल कांवरिया भंडारे की तैयारियां तेज, नई कार्यकारिणी का गठन
21 अगस्त को बोर्डिंग ग्राउंड में होगा भव्य कांवरिया भंडारा
रीना वर्मा
कन्नौज। बाबा गौरीशंकर कांवरिया सेवा मंडल (पंजी.) की ओर से आयोजित होने वाले 16वें महाविशाल कांवरिया भंडारे की तैयारियों को लेकर बुधवार को श्री राम जानकी मंदिर, बड़ा बाजार में मंडल की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में आगामी आयोजन को भव्य, सुव्यवस्थित एवं सेवा-भाव से संपन्न कराने के लिए विस्तृत रणनीति बनाई गई तथा वर्ष 2026 के लिए मंडल की नई कार्यकारिणी का सर्वसम्मति से गठन किया गया।
बैठक में अध्यक्ष पद पर चंद्रशेखर पटवा (रिंपू भइया), उपाध्यक्ष संजय शाह, मंत्री शिवांक बाजपेयी, उपमंत्री विपिन गुप्ता एवं बृज किशोर (लल्ला भइया), कोषाध्यक्ष गौरव वर्मा (कालू भइया) एवं कमल मेहरोत्रा, संरक्षक रामशंकर वैश्य (पप्पू भइया) और राजेंद्र प्रसाद त्रिवेदी तथा व्यवस्थापक सुशील कुमार पांडेय को दायित्व सौंपा गया। नवनियुक्त पदाधिकारियों का सदस्यों ने पुष्पमालाएं पहनाकर स्वागत किया और सफल कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं।
बैठक में 21 अगस्त (शुक्रवार) को शहर के बोर्डिंग ग्राउंड में आयोजित होने वाले 16वें महाविशाल कांवरिया भंडारे की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा की गई। आयोजन के दौरान हजारों शिवभक्तों एवं कांवरियों के लिए भोजन, जलपान, शीतल पेयजल, विश्राम सहित अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए अलग-अलग समितियों का गठन कर जिम्मेदारियां सौंपी गईं।
नवनियुक्त अध्यक्ष चंद्रशेखर पटवा (रिंपू भइया) ने कहा कि बाबा गौरीशंकर कांवरिया सेवा मंडल पिछले 15 वर्षों से निस्वार्थ भाव से शिवभक्तों और कांवरियों की सेवा करता आ रहा है। इस वर्ष का 16वां महाभंडारा सेवा, अनुशासन और भव्यता के नए आयाम स्थापित करेगा।
व्यवस्थापक सुशील कुमार पांडेय ने नगरवासियों, समाजसेवियों, युवाओं और शिवभक्तों से इस पुण्य आयोजन में अधिक से अधिक सहयोग एवं सहभागिता की अपील की। बैठक में उपस्थित सभी सदस्यों ने सेवा, समर्पण और संगठन के संकल्प को दोहराते हुए आयोजन को ऐतिहासिक सफलता दिलाने का संकल्प लिया।
बैठक में प्रमुख रूप से आनंद कुमार दुबे, पवन पांडेय, गोपाल पांडेय, शिवम दुबे, रक्षक मल्होत्रा सहित मंडल के अनेक सदस्य उपस्थित रहे।
