सुलतानपुर: पति से विवाद के बाद विवाहिता ने नहर में लगाई छलांग, तलाश जारी

सुलतानपुर के गोसाईगंज थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह एक विवाहिता ने शारदा सहायक खंड-16 नहर में छलांग लगा दी। घटना रामचंद्रपुर गांव स्थित नहर पुल के पास हुई। महिला के नहर में कूदने की जानकारी मिलते ही क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम ने ग्रामीणों की मदद से महिला की तलाश शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, खेत से लौट रहे एक दंपति ने सुबह के समय एक महिला को नहर में छलांग लगाते देखा। उन्होंने शोर मचाकर आसपास के लोगों को घटना की जानकारी दी। कुछ ही देर में बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस के मुताबिक, नहर में कूदने वाली महिला की पहचान हकीकुल निवासी मूंगर तुरकहिया, थाना गोसाईगंज के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, हकीकुल का निकाह पिछले वर्ष नवंबर माह में रामचंद्रपुर निवासी शमशाद के साथ हुआ था। शादी के कुछ समय बाद पति-पत्नी के बीच विवाद होने लगा था, जिसके चलते हकीकुल अपने मायके में रह रही थी। महिला की मां ने बताया कि मंगलवार शाम को हकीकुल और उसके पति के बीच फोन पर किसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी। इसके बाद बुधवार सुबह करीब 10 बजे वह घर से निकली थी। कुछ देर बाद उसके नहर में छलांग लगाने की सूचना मिली। घटनास्थल पर पुलिस को महिला की एक चप्पल और छाता मिला है। थानाध्यक्ष अखंड देव मिश्रा पुलिस बल और फायर ब्रिगेड टीम के साथ मौके पर मौजूद हैं। गोताखोरों और ग्रामीणों की सहायता से नहर में महिला की तलाश की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। महिला के मिलने के बाद ही आगे की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल पुलिस टीम राहत और बचाव कार्य में जुटी हुई है

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *