आजमगढ़ में युवा उद्यमियों को बढ़ावा: हरिऔध कला केंद्र में क्षमता संवर्धन कार्यशाला, डीएम बोले- पात्र युवाओं को बिना देरी मिले ऋण

आजमगढ़ में युवा उद्यमियों को बढ़ावा: हरिऔध कला केंद्र में क्षमता संवर्धन कार्यशाला, डीएम बोले- पात्र युवाओं को बिना देरी मिले ऋण

मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान के तहत हरिऔध कला केंद्र, आजमगढ़ में एक दिवसीय क्षमता संवर्धन कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार ने युवाओं को स्वरोजगार के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि यह योजना युवाओं को नौकरी मांगने वाला नहीं, बल्कि रोजगार देने वाला उद्यमी बनाने की दिशा में सरकार की महत्वपूर्ण पहल है।

जिलाधिकारी ने बताया कि 21 से 40 वर्ष आयु वर्ग के पात्र युवाओं को इस योजना के तहत बिना गारंटी और ब्याज मुक्त 5 लाख रुपये तक का ऋण उपलब्ध कराया जाता है। उन्होंने कहा कि आजमगढ़ में इस योजना के तहत अब तक 5 हजार से अधिक युवाओं को ऋण मिल चुका है, जो पूरे प्रदेश में सर्वाधिक है। इसके बावजूद अभी भी बड़ी संख्या में पात्र युवा योजना का लाभ लेने से वंचित हैं।

उन्होंने कहा कि कार्यशाला का उद्देश्य युवाओं को विभिन्न स्वरोजगार योजनाओं की जानकारी देना, बैंकिंग प्रक्रिया से जोड़ना और उद्यम स्थापना के लिए प्रोत्साहित करना है। इस अवसर पर आईटीआई, पॉलिटेक्निक, महाविद्यालयों एवं अन्य शिक्षण संस्थानों के विद्यार्थियों के साथ विभिन्न बैंकों के प्रतिनिधियों ने भी भाग लिया।

डीएम ने बैंक अधिकारियों से अपील की कि पात्र आवेदकों के ऋण प्रकरणों का निष्पक्ष, पारदर्शी और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए तथा स्वीकृत ऋणों का वितरण बिना अनावश्यक विलंब के किया जाए। साथ ही संबंधित अधिकारियों को अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार कर अधिक से अधिक युवाओं को योजना से जोड़ने के निर्देश दिए।

उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे ऋण का उपयोग उसी उद्देश्य के लिए करें जिसके लिए वह प्राप्त किया गया है और पूरी निष्ठा से अपने उद्यम का संचालन करें, ताकि वे आत्मनिर्भर बनने के साथ अन्य लोगों को भी रोजगार उपलब्ध करा सकें।

कार्यशाला में उपायुक्त उद्योग आशुतोष श्रीवास्तव ने योजना की पात्रता, आवेदन प्रक्रिया, ऋण स्वीकृति, बैंकिंग प्रक्रिया एवं विभागीय सहायता की विस्तृत जानकारी दी। वहीं विभिन्न बैंकों के क्षेत्रीय प्रबंधकों और बैंक प्रतिनिधियों ने ऋण वितरण प्रक्रिया एवं बैंकिंग औपचारिकताओं पर युवाओं का मार्गदर्शन किया।

इस अवसर पर सहायक आयुक्त उद्योग प्रभात रंजन, एलडीएम यूबीआई अभिषेक द्विवेदी, विभिन्न बैंकों के क्षेत्रीय प्रबंधक, बैंक प्रतिनिधि, उद्योग विभाग के अधिकारी, शिक्षण संस्थानों के प्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में युवा उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *