जनपद स्तरीय डेयरी कॉन्क्लेव-2026 का शुभारंभ, सीडीओ बोले- देशी नस्ल की गायों का पालन बढ़ाकर बढ़ाएं आय
दुग्धशाला विकास विभाग, उत्तर प्रदेश के तत्वावधान में नन्द बाबा दुग्ध मिशन के अंतर्गत कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित जनपद स्तरीय डेयरी कॉन्क्लेव-2026 का शुभारंभ मुख्य विकास अधिकारी राकेश कुमार पटेल ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। कार्यक्रम का उद्देश्य दुग्ध उत्पादकों, पशुपालकों और किसानों को आधुनिक डेयरी तकनीकों, वैज्ञानिक पशुपालन और शासन की विभिन्न योजनाओं की जानकारी देकर डेयरी व्यवसाय को अधिक लाभकारी बनाना रहा।
मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि नन्द बाबा दुग्ध मिशन प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी योजना है, जिसके माध्यम से दुग्ध उत्पादन बढ़ाने, संग्रहण एवं विपणन व्यवस्था को सुदृढ़ करने तथा पशुपालकों को आधुनिक तकनीकों से जोड़कर आत्मनिर्भर बनाने का कार्य किया जा रहा है। उन्होंने अधिक से अधिक पशुपालकों से मिशन से जुड़ने और वैज्ञानिक डेयरी प्रबंधन अपनाने का आह्वान किया।
सीडीओ ने देशी नस्ल की गायों के संरक्षण और संवर्धन पर विशेष जोर देते हुए कहा कि इनका दूध अधिक गुणवत्तापूर्ण और स्वास्थ्यवर्धक होता है। साथ ही गोबर और गोमूत्र प्राकृतिक एवं जैविक खेती के लिए बेहद उपयोगी हैं, जिससे भूमि की उर्वरता बढ़ती है और रासायनिक उर्वरकों पर निर्भरता कम होती है। उन्होंने कहा कि वैज्ञानिक तरीके से देशी गायों का पालन किसानों की आय बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।
कॉन्क्लेव में विशेषज्ञों ने आधुनिक डेयरी प्रबंधन, संतुलित पशु आहार, पशु स्वास्थ्य एवं रोग नियंत्रण, स्वच्छ दुग्ध उत्पादन, कृत्रिम गर्भाधान, नस्ल सुधार, पशु बीमा, दुग्ध प्रसंस्करण, मूल्य संवर्धन और विपणन सहित विभिन्न विषयों पर विस्तार से जानकारी दी। साथ ही विभागीय योजनाओं का लाभ लेने की प्रक्रिया और तकनीकी सहायता के बारे में भी पशुपालकों को जागरूक किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. मुकेश गुप्ता, जिला युवा कल्याण अधिकारी सुल्तान सिंह, वरिष्ठ दुग्ध निरीक्षक एवं नोडल अधिकारी नन्द बाबा दुग्ध मिशन सहित संबंधित विभागों के अधिकारी, तकनीकी विशेषज्ञ, प्रगतिशील किसान, दुग्ध उत्पादक और बड़ी संख्या में पशुपालक उपस्थित रहे।
