प्रथम श्रावण सोमवार पर भंवरनाथ मंदिर पहुंचे डीएम-एसएसपी, श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुगम दर्शन, स्वच्छता एवं भीड़ प्रबंधन पर विशेष जोर, डीएम-एसएसपी ने अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश

प्रथम श्रावण सोमवार पर भंवरनाथ मंदिर पहुंचे डीएम-एसएसपी, श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुगम दर्शन, स्वच्छता एवं भीड़ प्रबंधन पर विशेष जोर, डीएम-एसएसपी ने अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश

श्रावण मास के प्रथम सोमवार के पावन अवसर पर जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार ने जनपद के प्रमुख शिवालय भंवरनाथ मंदिर का औचक निरीक्षण कर श्रद्धालुओं के लिए की गई व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने मंदिर परिसर में प्रवेश एवं निकास द्वार, बैरिकेडिंग, सुगम दर्शन व्यवस्था, भीड़ एवं यातायात प्रबंधन, नियंत्रण कक्ष में स्थापित सीसीटीवी निगरानी व्यवस्था तथा श्रद्धालुओं को उपलब्ध कराई जा रही मूलभूत सुविधाओं का गहन निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने मंदिर में दर्शन-पूजन के लिए आए श्रद्धालुओं से आत्मीय संवाद कर उनकी सुविधाओं एवं व्यवस्थाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने कांवड़ यात्रा एवं श्रावण मास के अवसर पर बड़ी संख्या में आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों एवं पुलिस कर्मियों को निर्देशित किया कि सभी श्रद्धालुओं के साथ सौहार्दपूर्ण एवं संवेदनशील व्यवहार किया जाए तथा भीड़ प्रबंधन पर विशेष ध्यान रखा जाए।

जिलाधिकारी ने विशेष रूप से महिला श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने, आपातकालीन परिस्थितियों से प्रभावी ढंग से निपटने तथा किसी भी प्रकार की अव्यवस्था को रोकने के लिए पूरी सतर्कता एवं समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं को बिना किसी असुविधा के शांतिपूर्ण एवं सुगम ढंग से दर्शन कराने के लिए सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने मंदिर परिसर में आयोजित शिव लीला की सांस्कृतिक प्रस्तुति का भी अवलोकन किया तथा कलाकारों के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने मंदिर परिसर में स्वच्छता व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से उप जिलाधिकारी सदर अविनाश कुमार गौतम को अतिरिक्त सफाई कर्मियों की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही सफाई व्यवस्था निरंतर बनाए रखने हेतु सफाई कर्मचारियों की 8-8 घंटे की शिफ्टवार ड्यूटी लगाने के निर्देश भी दिए।

जिलाधिकारी के कुशल मार्गदर्शन एवं निर्देशन में जनपद के प्रमुख शिवालयों एवं सभी शिव मंदिरों में श्रावण मास के प्रथम सोमवार के अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भगवान शिव का विधि-विधान से जलाभिषेक एवं पूजन-अर्चन किया। प्रशासन द्वारा सुरक्षा, यातायात, स्वच्छता, पेयजल, चिकित्सा एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं के प्रभावी प्रबंधन के परिणामस्वरूप प्रथम श्रावण सोमवार का पर्व जनपद में पूर्णतः सकुशल, शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित वातावरण में सम्पन्न हुआ।

निरीक्षण के दौरान संबंधित विभागों के अधिकारी एवं ड्यूटी पर तैनात कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *