अपराध समीक्षा बैठक: त्योहारों से पहले डीआईजी और एसएसपी ने दिए सख्त निर्देश, कानून-व्यवस्था पर विशेष जोर

अपराध समीक्षा बैठक: त्योहारों से पहले डीआईजी और एसएसपी ने दिए सख्त निर्देश, कानून-व्यवस्था पर विशेष जोर

आजमगढ़। आगामी श्रावण मास, कांवड़ यात्रा, नाग पंचमी, रक्षाबंधन एवं अन्य त्योहारों को शांतिपूर्ण और सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से गुरुवार को पुलिस लाइन स्थित सभागार में अपराध समीक्षा बैठक आयोजित की गई। क्राइम मीटिंग की अध्यक्षता पुलिस उपमहानिरीक्षक आजमगढ़ परिक्षेत्र सुनील कुमार सिंह एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने की।

बैठक में जनपद के सभी राजपत्रित अधिकारियों, क्षेत्राधिकारियों, थाना प्रभारियों एवं शाखा प्रभारियों के साथ कानून-व्यवस्था, लंबित विवेचनाओं, ऑपरेशन दृष्टि, यूपी-112, ऑपरेशन कन्विक्शन, साइबर अपराध नियंत्रण तथा आगामी त्योहारों की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई। इस दौरान अधिकारियों को अपराध नियंत्रण और जनसुरक्षा को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

डीआईजी और एसएसपी ने निर्देशित किया कि लंबित विवेचनाओं का त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। अपराधियों पर सतर्क निगरानी रखते हुए प्रभावी वैधानिक कार्रवाई की जाए तथा बीट प्रणाली को और अधिक सक्रिय बनाकर जनता से नियमित संवाद स्थापित किया जाए। उन्होंने सभी थाना प्रभारियों को थानों पर आने वाले प्रत्येक फरियादी के साथ संवेदनशील एवं सम्मानजनक व्यवहार करने के निर्देश भी दिए।

बैठक में हत्या, लूट, डकैती, अपहरण और दुष्कर्म जैसे गंभीर अपराधों की विवेचनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। साथ ही लंबित मामलों, वारंटियों एवं वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी में तेजी लाने, महिला एवं बाल अपराधों में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने और सोशल मीडिया पर फैलने वाली अफवाहों एवं भ्रामक खबरों पर तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।

आगामी त्योहारों को सकुशल संपन्न कराने के लिए प्रभावी गश्त, पैदल भ्रमण और पीस कमेटी बैठकों को प्राथमिकता देने पर जोर दिया गया। इसके अलावा अवैध शराब, मादक पदार्थों, जुआ, सट्टा, पशु तस्करी एवं अन्य संगठित अपराधों के विरुद्ध अभियान चलाकर कठोर कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में जनसुनवाई एवं समाधान दिवस के दौरान प्राप्त शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने पर भी विशेष बल दिया गया। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि अपराध मुक्त समाज की दिशा में प्रभावी कार्रवाई जारी रहेगी, ताकि आमजन में सुरक्षा की भावना और पुलिस के प्रति विश्वास लगातार मजबूत बना रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *