गोतस्करी गैंग का खुलासा, पुलिस मुठभेड़ में हिस्ट्रीशीटर घायल, तमंचा व बाइक बरामद

गोतस्करी गैंग का खुलासा, पुलिस मुठभेड़ में हिस्ट्रीशीटर घायल, तमंचा व बाइक बरामद

आजमगढ़। जिले के अतरौलिया थाना पुलिस ने गोतस्करी गैंग के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए पुलिस मुठभेड़ में एक हिस्ट्रीशीटर बदमाश को घायल अवस्था में गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से एक अवैध .315 बोर तमंचा, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस तथा एक स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल बरामद की गई है। गिरफ्तार आरोपी पर गैंगस्टर, लूट, गोवध, हत्या के प्रयास, धोखाधड़ी और आर्म्स एक्ट समेत करीब एक दर्जन मुकदमे दर्ज हैं।

पुलिस के अनुसार, 24 जुलाई 2026 को अचलीपुर अंडरपास के पास चेकिंग के दौरान एक पिकअप वाहन में गोवंशीय पशुओं की तस्करी की सूचना मिली थी। पुलिस द्वारा वाहन रोकने का प्रयास करने पर चालक वाहन लेकर फरार हो गया और गोरखपुर लिंक एक्सप्रेसवे के टोल प्लाजा का बैरियर तोड़ते हुए गोपालीपट्टी नहर के पास पिकअप छोड़कर अपने दो साथियों सहित भाग निकला। मौके से पांच प्रतिबंधित गोवंशीय पशु और एक मोबाइल फोन बरामद हुआ था। इस मामले में थाना अतरौलिया पर गोवध निवारण अधिनियम एवं पशु क्रूरता अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।

जांच के दौरान संतोष यादव, संतोष सरोज और शमीम के नाम प्रकाश में आए। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में इनकी गिरफ्तारी के लिए अभियान चलाया जा रहा था।

इसी क्रम में शुक्रवार तड़के करीब 4:20 बजे गोरखपुर लिंक एक्सप्रेसवे की सर्विस रोड पर सुखीपुर के पास पुलिस संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी। तभी एक मोटरसाइकिल पर सवार तीन संदिग्ध आते दिखाई दिए। पुलिस द्वारा रुकने का इशारा करने पर आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी और भागने का प्रयास किया। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें संतोष यादव उम्र 24 वर्ष निवासी समस्तीपुर, थाना जहानागंज के दाहिने पैर में गोली लगी। उसे घायल अवस्था में गिरफ्तार कर उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया, जबकि उसके दो साथी मौके से फरार हो गए।

पुलिस ने मौके से एक अवैध .315 बोर तमंचा, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस और स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल बरामद की। इस संबंध में थाना अतरौलिया में नया मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी संतोष यादव थाना जहानागंज का एचएस-3बी हिस्ट्रीशीटर है और उसके खिलाफ लूट, धोखाधड़ी, गोवध, गैंगस्टर, हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट सहित करीब 10 आपराधिक मुकदमे पहले से दर्ज हैं।

इस कार्रवाई में थानाध्यक्ष देवेन्द्रनाथ दुबे, उपनिरीक्षक सुरेन्द्र कुमार, मनीष विश्वकर्मा, विश्राम गुप्ता, विश्वजीत पाण्डेय सहित थाना अतरौलिया की पुलिस टीम शामिल रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *