बरदह पुलिस ने अन्तरजनपदीय चोर गिरोह का किया पर्दाफाश, 5 गिरफ्तार, सवा सात लाख का सामान बरामद

बरदह पुलिस ने अन्तरजनपदीय चोर गिरोह का किया पर्दाफाश, 5 गिरफ्तार, सवा सात लाख का सामान बरामद

आजमगढ़ के बरदह थाना पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने अन्तरजनपदीय चोर गिरोह के पांच सदस्यों को गिरफ्तार कर लगभग सवा सात लाख रुपये मूल्य का चोरी गया सामान बरामद किया है। गिरफ्तार अभियुक्तों के कब्जे से 15 सोलर प्लेट, डिजिटल उपकरण, एलईडी टीवी, बैटरी, गैस सिलेंडर समेत अन्य सामान बरामद किया गया। वहीं एक आरोपी के पास से अवैध तमंचा, कारतूस और थाना तरवा क्षेत्र के विद्यालय से चोरी किए गए 2000 रुपये भी मिले हैं।

पुलिस के अनुसार, 19 मई 2026 को ग्राम असवनिया स्थित राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय और उच्च प्राथमिक विद्यालय के प्रधानाध्यापकों ने थाना बरदह में तहरीर देकर बताया था कि 18 मई की रात अज्ञात चोर विद्यालयों का ताला तोड़कर छत पर लगे सोलर प्लेट, डिजिटल बोर्ड, सीपीयू, प्रिंटर, बैटरी, स्टेबलाइजर, एलईडी टीवी और गैस सिलेंडर सहित अन्य सामान चोरी कर ले गए। मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।

घटना के खुलासे के लिए गठित पुलिस टीम ने 26 मई की रात पारा मोड़ पर चेकिंग के दौरान मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी की। इसी दौरान गोहहरा की ओर से आ रही टाटा मैजिक वाहन को रोकने का प्रयास किया गया। चालक वाहन मोड़कर भागने लगा, लेकिन पुलिस टीम ने पीछा कर वाहन सहित पांच अभियुक्तों को पकड़ लिया।

गिरफ्तार आरोपियों ने पूछताछ में अपना नाम आदित्य सिंह निवासी कमरिया थाना तरवा, विपिन सिंह निवासी असवनिया थाना बरदह, राहुल राजभर निवासी गोठाव थाना बरदह, संदीप सरोज निवासी इरनी थाना बरदह तथा रवि राव निवासी नमदारपुर थाना कंधरापुर बताया। अभियुक्तों ने स्वीकार किया कि उन्होंने अपने अन्य साथियों निखिल सिंह और छोटू उर्फ हिमांशु सिंह के साथ मिलकर विद्यालयों में चोरी की वारदात को अंजाम दिया था और सामान बेचने के लिए जौनपुर ले जा रहे थे।

तलाशी के दौरान राहुल राजभर के कब्जे से एक तमंचा .315 बोर, एक जिंदा कारतूस तथा 2000 रुपये बरामद हुए। राहुल ने बताया कि यह रकम थाना तरवा क्षेत्र स्थित सीवी इंटर कॉलेज से चोरी किए गए पैसों में बची हुई राशि है।

पुलिस ने अभियुक्तों के खिलाफ आर्म्स एक्ट सहित संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *