नकाबपोश बदमाशों के हमले से सर्राफा व्यापारी का बेटा लहूलुहान, क्षेत्र में मचा हड़कंप

नकाबपोश बदमाशों के हमले से सर्राफा व्यापारी का बेटा लहूलुहान, क्षेत्र में मचा हड़कंप

कन्नौज। घर से बाहर निकले सर्राफा व्यापारी के पुत्र का पीछा करने के बाद रास्ते में नकाबपोश बदमाशों ने पहले उसे वाहन से टक्कर मार दी।सड़क पर गिरने के बाद बदमाशों ने उसे जमकर पीटा। गंभीर रूप से लहूलुहान और मरणासन्न हालत में युवक को पहुंचा चुके बदमाश आसपास के लोगों के शोरगुल की आहट पर मौके से भाग निकलने में सफल हो गए। घटनाक्रम में बदमाशों द्वारा गोली चलाने की (कथित) बात भी सामने आई है। मामले की जानकारी पर पुलिस क्षेत्राधिकारी और थाना पुलिस भी मौके पर पहुंचे। जांच पड़ताल का सिलसिला जारी है।
जानकारी के मुताबिक जिले के थाना इंदरगढ़ के उमर्दा निवासी राजेश मिश्रा के तीन पुत्र 29 वर्षीय वैभव मिश्रा,26 वर्षीय शिवा,22 वर्षीय सूर्या मिश्रा हैं। सूर्या एल.एल.बी छात्र होने के अलावा राजनैतिक ग्राउंड में भी अपनी पकड़ बनाए हुए हैं।
राजनैतिक क्षेत्र में आजमाइश करने को सूर्या आगामी जिला पंचायत चुनाव लड़ने की भी तैयारी में हैं।
बीती रात सूर्या अपने घर पर मौजूद थे।
रात 8 बजे के करीब स्थानीय गांव के प्रधान प्रतिनिधि मुनीम सिंह भी सूर्या के घर पहुंचे थे। रात नौ बजे के करीब सूर्या के मोबाइल पर किसी का फोन आता है, जिसके बाद सूर्या अपने घर से बाहर निकल गए।
बताया जा रहा है कि, पहले सी ही घर के निकट मौजूद नकाबपोश हमलावर सूर्या पर हमले की फिराक में मौजूद थे।
जैसे ही सूर्या घर से निकलकर पुराने पोस्ट ऑफिस वाली गली के सामने पहुंचे। इसी दौरान वाहन सवार लोगों ने सूर्या को टक्कर मार दी। वाहन की टक्कर से सूर्या सड़क पर गिर पड़ा। मौके की नजाकत को भांप सूर्या भागा तो हमलावरों ने उसका पीछा करने के बाद सड़क पर गिर दिया। इसके बाद नकाबपोश बदमाशों ने सूर्या के साथ जमकर मारपीट की। प्राणघातक हमले में सूर्या गंभीर रूप से लहूलुहान होकर मरणासन्न हालत में पहुंच गया।
आसपास के लोगों की आहट पर नकाबपोश हमलावर मौके से भाग निकलने में सफल हो गए।
घटनाक्रम की जानकारी जब परिजनों को हुई तो हड़कंप मच गया। मामले की सूचना पर उमर्दा चौकी प्रभारी सहित इंदरगढ़ थाना प्रभारी विनोद कुमार कश्यप पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। इसके बाद पुलिस क्षेत्राधिकारी कुलवीर सिंह भी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने
मामले की जांच पड़ताल शुरू कर दी है। सीओ ने बताया कि, मामले में जांच पड़ताल जारी है। फायरिंग का आरोप गलत है। सीसीटीवी एवं अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच जारी है, जल्द ही घटनाक्रम का खुलासा किया जाएगा।
बता दें कि, उपरोक्त घटनाक्रम का सीसीटीवी वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस मामले के खुलासे को जुटी है वहीं घायल सूर्या का उपचार हॉस्पिटल में जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *