स्वच्छता अभियान को ठेंगा, सड़क किनारे कूड़ा डाल रही ग्राम पंचायत, बदबू और गंदगी से लोग परेशान
मुख्य नाले पर डंप हो रहा कूड़ा, आवारा पशु फैला रहे गंदगी; स्कूली बच्चों व दुकानदारों को रोज उठानी पड़ रही परेशानी
रीना वर्मा
कन्नौज। ठठिया कस्बे के टिकौरियनपुरवा स्थित जैनपुर रोड पर ग्राम पंचायत की लापरवाही के चलते सड़क किनारे प्रतिदिन कूड़ा डंप किया जा रहा है। कूड़े के बड़े-बड़े ढेर से उठने वाली दुर्गंध और गंदगी से दुकानदारों, राहगीरों और आसपास रहने वाले लोगों का जीना दूभर हो गया है। आवारा गाय और सांड कूड़े में भोजन तलाशते हुए उसे पूरी सड़क पर फैला देते हैं, जिससे आवागमन भी प्रभावित होता है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि कई बार ग्राम प्रधान, पंचायत सचिव और सफाई कर्मचारियों से शिकायत की गई, लेकिन आज तक समस्या का समाधान नहीं कराया गया।
सड़क किनारे जहां कूड़ा डाला जा रहा है, वहां आसपास किराना और खान-पान की कई दुकानें हैं। इसी मार्ग से प्रतिदिन सैकड़ों स्कूली बच्चे, महिलाएं और ग्रामीण गुजरते हैं, जिन्हें कूड़े से उठने वाली बदबू और गंदगी के बीच होकर निकलना पड़ता है। बरसात के दिनों में स्थिति और भी गंभीर हो जाती है, जब कूड़ा सड़क पर फैलकर लोगों के लिए मुसीबत बन जाता है।
ग्रामीणों का कहना है कि ग्राम पंचायत में लाखों रुपये की लागत से कूड़ा निस्तारण केंद्र बनाया गया है, लेकिन वहां पर कूड़ा नहीं डाला जाता है। कूड़े का वैज्ञानिक निस्तारण करने के बजाय सफाई कर्मचारी ट्रॉली से लाकर सड़क किनारे ही डंप कर देते हैं। इससे स्वच्छता व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।
यही नहीं, जिस स्थान पर कूड़ा डाला जा रहा है, वहीं दर्जनों गांवों और ठठिया कस्बे के पानी की निकासी का मुख्य नाला भी गुजरता है। लगातार कूड़ा डंप किए जाने से नाला जाम होने लगा है, जिससे बरसात में जलभराव और संक्रामक बीमारियों का खतरा बढ़ गया है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि इसी सड़क पर कुछ ही दूरी पर जनपद की विशिष्ट आलू मंडी स्थित है और आगे आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे का कट भी है, जहां से प्रतिदिन हजारों किसान, व्यापारी और यात्री गुजरते हैं। सड़क किनारे फैला कूड़े का अंबार बाहर से आने वाले लोगों के सामने कस्बे की बदहाल सफाई व्यवस्था की तस्वीर पेश कर रहा है। लोगों का कहना है कि ग्राम पंचायत की यह कार्यशैली केंद्र और प्रदेश सरकार के ‘ग्रीन इंडिया, क्लीन इंडिया’ तथा स्वच्छ भारत मिशन की मंशा पर भी पानी फेर रही है।
कस्बेवासियों ने जिलाधिकारी और जिला पंचायत राज अधिकारी से सड़क किनारे कूड़ा डंपिंग तत्काल बंद कराने, मुख्य नाले की सफाई कराने तथा कूड़ा निस्तारण केंद्र को नियमित रूप से संचालित कर वहां कूड़े का निस्तारण सुनिश्चित कराने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो बरसात के दौरान समस्या और विकराल रूप ले सकती है
