आजमगढ़ की पहचान बदलने का काम कर रही डबल इंजन सरकार : मुख्यमंत्री योगी
विश्वविद्यालय में 955 करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास
आजमगढ़। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को महाराजा सुहेलदेव राज्य विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम में जिले की 955.40 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि आजमगढ़ ऋषि-मुनियों की तपोभूमि, स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों की कर्मभूमि और हस्तशिल्प, कृषि तथा संस्कृति की समृद्ध विरासत वाला जनपद है, लेकिन पूर्ववर्ती सरकारों की उपेक्षा के कारण इसकी पहचान प्रभावित हुई थी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2017 से पहले आजमगढ़ विकास के कई महत्वपूर्ण आयामों से वंचित था। न यहां विश्वविद्यालय था, न पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे, न एयरपोर्ट की बेहतर सुविधा और न ही स्थानीय कला एवं शिल्प को उचित मंच मिल पा रहा था। आज डबल इंजन सरकार के प्रयासों से आजमगढ़ की साड़ी, मुबारकपुर की ब्लैक पॉटरी, हरिहरपुर की संगीत परंपरा और किसानों-कारीगरों को नई पहचान मिल रही है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में भाजपा और एनडीए सरकार बनने के बाद स्थानीय उद्योगों और हस्तशिल्प को बढ़ावा मिला है, जिससे कारीगरों और व्यापारियों की आय में वृद्धि हुई है। सरकार बिना भेदभाव के गरीबों, किसानों, युवाओं और महिलाओं के कल्याण के लिए कार्य कर रही है। हर गरीब को आवास, शौचालय, बिजली और सुरक्षा उपलब्ध कराने का अभियान चलाया गया है। मुख्यमंत्री ने महाराजा सुहेलदेव के शौर्य का उल्लेख करते हुए कहा कि भारत को अपनी गौरवशाली विरासत और राष्ट्रनायकों से प्रेरणा लेने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि नया भारत गुलामी के प्रतीकों को स्वीकार नहीं करेगा और देश की सांस्कृतिक विरासत को सम्मान देने का कार्य किया जा रहा है।
विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि जिन दलों ने वर्षों तक प्रदेश पर शासन किया, वे विकास, रोजगार और सुरक्षा के क्षेत्र में अपेक्षित कार्य नहीं कर सके। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश और प्रदेश तेजी से आगे बढ़ रहे हैं तथा भारत आज विश्व मंच पर नई पहचान बना रहा है। मुख्यमंत्री ने जनता से विकास की गति को बनाए रखने के लिए डबल इंजन सरकार का साथ देने की अपील करते हुए कहा कि आजमगढ़ को शिक्षा, उद्योग, पर्यटन, संस्कृति और रोजगार के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का कार्य लगातार जारी रहेगा।
आजमगढ़ में जनसभा के दौरान सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि बेटियों पर टिप्पणी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस दौरान उन्होंने अखिलेश यादव पर जमकर निशाना साधा।
मैं पिछले दिनों देख रहा था। समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव की पुत्री के खिलाफ कुछ लोगों ने गलत टिप्पणियां की थी। जैसे मेरे संज्ञान में आया। पुलिस से मैंने कहा इसमें एफआईआर दर्ज कराओ, बेटी के खिलाफ कोई भी अपमानजनक टिप्पणी स्वीकार्य नहीं होनी चाहिए। बेटी, बेटी होती है और हम तो संस्कार में हैं। उक्त बातें सीएम योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए कही।
उन्होंने कहा कि कहा जाता है कि गांव की बेटी सबकी बेटी, गांव की बहन सबकी बहन है। हमने तो कोई भेदभाव नहीं किया, लेकिन अखिलेश जी दूसरों को उपदेश देते हो, अपने चेले- चपाटों को भी थोड़ा उपदेश दे दो कि अपनी भाषा को संयम कर लें। दूसरों के प्रति टिप्पणी करने के पहले स्वयं भी सोचा करो कि आपके लोग इस प्रकार की भाषा का प्रयोग बहन और बेटियों के प्रति बुजुर्गों के प्रति, दिवंगत लोगों के प्रति और वरीष्ठ नेताओं के प्रति करते हैं। इसके बारे में उनको भी संस्कारित करने की आवश्यकता है। अच्छा होगा उनको समझाओ और नहीं समझ सकते तो हमारे हवाले कर दो। हम उनको अच्छी तरह समझा देंगे।
जनसभा को संबोधित करते हुए सीएम ने आजमगढ़ शहर के मध्य में स्थित पुरानी जेल की 12 एकड़ जमीन पर आजमगढ़ विकास प्रकरण के माध्यम से कन्वेंशन सेंटर पार्क और शॉपिंग कॉम्प्लेक्स बनाने की घोषणा की।
इस दौरान कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर, अनिल राजभर, दारा सिंह चौहान, विधान परिषद सदस्य विजय बहादुर पाठक, रामसूरत राजभर, विक्रांत सिंह ‘ऋशु’, पूर्व सांसद व भोजपुरी फिल्म अभिनेता दिनेश लाल यादव ‘निरहुआ’, पूर्व मंत्री यशवंत सिंह, पूर्व सांसद संतोष सिंह, नीलम सोनकर, संगीता आजाद, पूर्व विधायक वंदना सिंह, भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष सहजानंद राय, आजमगढ़ के भाजपा जिलाध्यक्ष धु्रव सिंह, लालगंज के जिलाध्यक्ष विनोद राजभर, राज्य महिला आयोग की सदस्य डॉ0 प्रियंका मौर्या सहित मण्डलायुक्त विवेक, डीआईजी सुनील कुमार सिंह, जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ0 अनिल कुमार, मुख्य विकास अधिकारी परीक्षित खटाना, डीएफओ आकांक्षा जैन, अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण चिराग जैन आदि की मौजूदगी रही।
