कुलपति ने विवि परिसर में चल रही प्रवेश परीक्षा का किया औचक निरीक्षण

कुलपति ने विवि परिसर में चल रही प्रवेश परीक्षा का किया औचक निरीक्षण,
आजमगढ़। महाराजा सुहेल देव विश्वविद्यालय (एमएसडीयू), आजमगढ़ में शैक्षणिक सत्र 2026-27 की प्रवेश परीक्षा के दौरान कुलपति प्रो. संजीव कुमार ने विश्वविद्यालय परिसर स्थित अकादमिक ब्लॉक-01 एवं 02 में बनाए गए परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने परीक्षा कक्षों का भ्रमण कर परीक्षा की व्यवस्थाओं, सुरक्षा प्रबंधों तथा अभ्यर्थियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का जायजा लिया।

विश्वविद्यालय के मीडिया प्रभारी ने बताया कि कुलपति महोदय ने निरीक्षण के दौरान परीक्षा संचालन में लगे अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देश दिया कि परीक्षा पूरी तरह निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराई जाए। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय की प्राथमिकता प्रत्येक अभ्यर्थी को निष्पक्ष एवं व्यवस्थित परीक्षा वातावरण उपलब्ध कराना है।
कुलपति ने परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों से भी संवाद किया और उन्हें शुभकामनाएं देते हुए शांत मन से परीक्षा देने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने प्रवेश समिति एवं परीक्षा संचालन से जुड़े अधिकारियों द्वारा की गई व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए कहा कि सभी व्यवस्थाएं निर्धारित मानकों के अनुरूप सुनिश्चित की गई हैं।
प्रवेश समिति के संयोजक डॉ. सियाराम शुक्ला ने बताया कि प्रवेश परीक्षा सभी केंद्रों पर निर्धारित समयानुसार शांतिपूर्ण ढंग से संचालित हुई तथा विश्वविद्यालय प्रशासन पूरी परीक्षा प्रक्रिया की सतत निगरानी करता रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *