जमीनी विवाद में जानलेवा हमला करने वाले 5 आरोपी गिरफ्तार, लाठी और लोहे की रॉड बरामद

जमीनी विवाद में जानलेवा हमला करने वाले 5 आरोपी गिरफ्तार, लाठी और लोहे की रॉड बरामद

आजमगढ़ जिले के थाना जहानागंज पुलिस ने जमीनी विवाद में दो लोगों पर जानलेवा हमला करने के मामले में वांछित पांच अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त दो लाठी और एक लोहे की रॉड भी बरामद की है। सभी आरोपियों को न्यायालय भेज दिया गया।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई।

पुलिस के अनुसार, 14 जुलाई 2026 को ग्राम टेल्हुआ चकवली निवासी मालती देवी की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया गया था। आरोप है कि जमीनी विवाद को लेकर विपक्षी पक्ष ने एकराय होकर उनके पति गरीब यादव उम्र 75 वर्ष और पुत्र रामअशीष यादव उम्र 35 वर्ष पर लोहे की रॉड व अन्य हथियारों से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। दोनों घायलों का उपचार जिला अस्पताल में चल रहा है।

थाना जहानागंज पुलिस ने 15 जुलाई की रात करीब 1:05 बजे थाना परिसर से केदारनाथ यादव, रामअधार यादव, सर्वेश उर्फ फिरींगी, अनिल उर्फ रामविलास और अवधेश यादव को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपियों ने घटना में शामिल होने की बात स्वीकार की। उनकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त दो लाठी और एक लोहे की रॉड बरामद की गई।

पुलिस ने बताया कि इस मामले में विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज है। आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी कर सभी आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश कर दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *