लोनी के ओंमकार हत्याकांड में 50 हजार का इनामी मोहित गिरफ्तार ।
एंकर – गाजियाबाद के लोनी क्षेत्र के बहुचर्चित ओंकार त्यागी हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। मामले में 50 हजार रुपये के इनामी और मुख्य आरोपियों में शामिल मोहित को थाना लोनी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस पूछताछ में सामने आया है कि गांव में वर्चस्व की लड़ाई, पुरानी रंजिश और पंचायत में हुई कथित बेइज्जती का बदला लेने के लिए इस सनसनीखेज हत्याकांड की साजिश रची गई थी।
वी ओ – आरोपी ने कबूल किया है कि 29 मई को हुई पंचायत में सौरभ उर्फ भोला और उसके पिता विजेंद्र के साथ हुए विवाद और अपमान के बाद उसने अपने साथियों गौरव, गोपाल, सौरभ और एक अन्य गौरव के साथ मिलकर ओंकार की हत्या की योजना बनाई। आरोपियों ने रातभर गांव के बाहर खेतों में छिपकर इंतजार किया और 30 मई की सुबह निठोरा अंडरपास के पास चारा लेने जा रहे ओंकार त्यागी को घेरकर उन पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दीं। गोली लगने के बाद ओंकार को कार में डालकर आरोपी फरार हो गए। पूछताछ में मोहित ने बताया कि हत्या के बाद शव को कार की डिग्गी में रखकर पहले हिंडन नदी क्षेत्र ले जाया गया, लेकिन वहां लोगों की आवाजाही देखकर आरोपियों ने योजना बदल दी और पूठखास पुल के पास गंगनहर किनारे जंगल की ओर जाकर शव को नहर में फेंक दिया। घटना के बाद ओंकार के लापता होने से क्षेत्र में भारी आक्रोश फैल गया था और परिजनों तथा ग्रामीणों ने कई दिनों तक धरना-प्रदर्शन किया था। पुलिस ने मामले में अब तक 17 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, जबकि चार मुख्य आरोपी अभी भी फरार हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। वहीं ओंकार का शव अब तक बरामद नहीं हो सका है। शव की तलाश के लिए थाना लोनी, निवाड़ी, मुरादनगर और मसूरी पुलिस के साथ एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, स्थानीय गोताखोरों और ड्रोन कैमरों की मदद से गंगनहर में बड़े स्तर पर सर्च अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही फरार आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले का पूरा खुलासा किया जाएगा।
