आजमगढ़ पहुंचे नए मोटर यान निरीक्षक, स्कूल बसों की फिटनेस और जनसुविधा होगी प्राथमिकता

आजमगढ़ पहुंचे नए मोटर यान निरीक्षक, स्कूल बसों की फिटनेस और जनसुविधा होगी प्राथमिकता

आजमगढ़, 6 जून। जनपद आजमगढ़ में नवागत मोटर यान निरीक्षक प्रमोद कुमार गौतम ने शुक्रवार को अपना कार्यभार ग्रहण कर लिया। इससे पूर्व वह गाजियाबाद में मोटर यान निरीक्षक के पद पर कार्यरत थे।

कार्यभार ग्रहण करने के बाद उन्होंने कहा कि उनकी पहली प्राथमिकता स्कूलों में संचालित बसों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। इसके लिए सभी स्कूल प्रबंधन से संपर्क कर बसों की फिटनेस, परमिट एवं अन्य आवश्यक मानकों की जांच कराई जाएगी। आवश्यकता पड़ने पर नोटिस जारी कर उन्हें नियमों के अनुरूप वाहन संचालित करने के निर्देश दिए जाएंगे।

उन्होंने कहा कि लाइसेंस, फिटनेस और परिवहन विभाग से संबंधित कार्यों में आम जनता को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए नई व्यवस्थाएं लागू की जाएंगी। सरकार की मंशा के अनुरूप लोगों को सरल और सुगम सेवाएं उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता होगी।

प्रमोद कुमार गौतम ने बताया कि निजी बसों की फिटनेस जांच भी नियमानुसार की जाएगी। जो वाहन निर्धारित मानकों के अनुरूप होंगे, उनकी फिटनेस की प्रक्रिया पूरी की जाएगी, जबकि जिन वाहनों में कमियां पाई जाएंगी उन्हें सुधार के लिए निर्धारित समय दिया जाएगा। समय सीमा के भीतर कमियां दूर न करने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा और परिवहन सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए विभाग पूरी गंभीरता के साथ कार्य करेगा तथा जनता को पारदर्शी और सुगम सेवाएं उपलब्ध कराने का हर संभव प्रयास किया जाएगा।

कार्यभार ग्रहण करने के अवसर पर प्रज्ञा रतन, रामकिशन, नमिस तिवारी, विद्या भूषण, पीयूष गुप्ता, रेयाज, दानिश, राजकुमार देव यादव एवं शिवपाल सहित अन्य लोगों ने उनका स्वागत किया और शुभकामनाएं दीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *