500 कुख्यात अपराधियों के घरों पर एक साथ पुलिस की दबिश, चार दिवसीय सत्यापन अभियान पूरा

500 कुख्यात अपराधियों के घरों पर एक साथ पुलिस की दबिश, चार दिवसीय सत्यापन अभियान पूरा

आजमगढ़। अपराध एवं अपराधियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने के उद्देश्य से आजमगढ़ पुलिस ने सर्किल नगर क्षेत्र में चार दिवसीय विशेष सत्यापन अभियान चलाकर 500 कुख्यात अपराधियों के यहां एक साथ दबिश दी। अभियान के दौरान अपराधियों की वर्तमान गतिविधियों का सत्यापन किया गया तथा उनके डोजियर को अद्यतन किया गया।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में तथा अपर पुलिस अधीक्षक नगर मधुबन कुमार सिंह एवं क्षेत्राधिकारी नगर शुभम तोदी के मार्गदर्शन में सोमवार से गुरुवार तक यह अभियान संचालित किया गया। अभियान के अंतर्गत लूट, डकैती, जानलेवा हमला, परीक्षा में नकल कराने, तस्करी एवं अन्य गंभीर अपराधों में संलिप्त रहे 500 चिन्हित अपराधियों के निवास स्थानों पर पुलिस टीमों ने पहुंचकर भौतिक सत्यापन किया।

अभियान के सफल संचालन के लिए प्रतिदिन 50 पुलिस टीमों का गठन किया गया था। प्रत्येक टीम में एक उपनिरीक्षक तथा चार आरक्षियों को शामिल किया गया। सभी टीमों को विस्तृत ब्रीफिंग के बाद एक साथ रवाना किया गया और चिन्हित अपराधियों के घरों पर पहुंचकर उनकी वर्तमान स्थिति की जानकारी जुटाई गई।

सत्यापन के दौरान अपराधियों की आजीविका, रहन-सहन, सामाजिक व्यवहार, वर्तमान गतिविधियों तथा आपराधिक प्रवृत्तियों से संबंधित सूचनाएं एकत्र की गईं। साथ ही प्रत्येक व्यक्ति का डोजियर तैयार कर उसे अद्यतन किया गया।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार अभियान का उद्देश्य यह पता लगाना था कि पूर्व में अपराधों में संलिप्त रहे व्यक्ति वर्तमान में सामान्य जीवन व्यतीत कर रहे हैं या फिर दोबारा अपराध जगत से जुड़कर कानून-व्यवस्था के लिए चुनौती बन रहे हैं। सत्यापन में प्राप्त तथ्यों के आधार पर आवश्यकतानुसार निरोधात्मक एवं अन्य वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

आजमगढ़ पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अपराधियों पर सतत निगरानी और प्रभावी नियंत्रण बनाए रखने के लिए भविष्य में भी ऐसे विशेष अभियान निरंतर चलाए जाते रहेंगे, ताकि आमजन को सुरक्षित एवं भयमुक्त वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *