सोशल मीडिया पर दबंगई दिखाना पड़ा भारी, युवक पुलिस हिरासत में, कान पकड़कर मांगी माफी
आजमगढ़। सोशल मीडिया पर गैंग संस्कृति और दबंगई का प्रदर्शन करने वालों के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन वज्रपात” के तहत कोतवाली पुलिस ने एक युवक को हिरासत में लेकर उसके विरुद्ध निरोधात्मक एवं विधिक कार्रवाई की है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में चल रहे अभियान के दौरान पुलिस के संज्ञान में एक वीडियो/रील आई, जिसमें सागिल पुत्र रसीद अहमद निवासी मातवरगंज, थाना कोतवाली, आजमगढ़ द्वारा “नवाब शगिल छोटा अभिषेक सिंह बाबू आजमगढ़ की शान” लिखकर वीडियो पोस्ट किया गया था।
पुलिस जांच में पाया गया कि उक्त पोस्ट से आमजन में भय एवं असुरक्षा की भावना उत्पन्न होने तथा सामाजिक सौहार्द और कानून-व्यवस्था प्रभावित होने की संभावना थी। इसके बाद थाना कोतवाली पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए वीडियो पोस्ट करने वाले युवक की पहचान की और 21 जून 2026 को उसे पुलिस हिरासत में लेकर आवश्यक निरोधात्मक एवं विधिक कार्रवाई की।कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक यादवेन्द्र पाण्डेय, उपनिरीक्षक एवं साइबर प्रभारी सागर कुमार रंगू तथा कांस्टेबल नीरज कुमार की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
आजमगढ़ पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सोशल मीडिया पर गैंग संस्कृति, दबंगई, आपराधिक वर्चस्व अथवा कानून-व्यवस्था को प्रभावित करने वाले किसी भी प्रकार के कृत्य को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसे मामलों में कठोर वैधानिक कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
