साइबर ठगी का पैसा खाते में मंगवाकर कमीशन लेने वाला शातिर गिरफ्तार, तीन साथी फरार

साइबर ठगी का पैसा खाते में मंगवाकर कमीशन लेने वाला शातिर गिरफ्तार, तीन साथी फरार

आजमगढ़। साइबर क्राइम थाना पुलिस ने साइबर ठगी से अर्जित रकम अपने बैंक खाते में मंगवाकर कमीशन लेने वाले एक शातिर साइबर अपराधी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन और 2060 रुपये नकद बरामद हुए हैं। मामले में उसके तीन अन्य साथियों की तलाश जारी है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में साइबर क्राइम थाना पुलिस ने प्रतिबिंब पोर्टल से प्राप्त संदिग्ध एटीएम निकासी और एनसीआरपी शिकायत की जांच के दौरान कार्रवाई की। जांच में बैंक ऑफ बड़ौदा के एक खाते के माध्यम से साइबर ठगी की रकम की निकासी होने के साक्ष्य मिले। इसके आधार पर खाताधारक अमित मौर्या पुत्र रामसकल मौर्या निवासी समडीह आलापुर, थाना राजेसुल्तानपुर, जनपद अंबेडकरनगर को पूछताछ के लिए बुलाया गया।

पूछताछ में अमित मौर्या ने स्वीकार किया कि उसने अपने बैंक खाते, एटीएम कार्ड और पासबुक की जानकारी अपने साथी सौरभ पाण्डेय को दे रखी थी। इसके बाद उसके साथी साइबर ठगी की रकम इसी खाते में मंगवाकर निकालते थे और बदले में अमित को कमीशन दिया जाता था। बैंक खातों के स्टेटमेंट और अन्य तकनीकी विश्लेषण में साइबर अपराध में उसकी संलिप्तता की पुष्टि होने पर पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के अनुसार आरोपी के बैंक खाते पर विभिन्न राज्यों से साइबर ठगी की दो शिकायतें दर्ज मिली हैं। इनमें एक शिकायत आंध्र प्रदेश तथा दूसरी महाराष्ट्र से दर्ज है।

गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ थाना साइबर क्राइम में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस ने बताया कि मामले में सौरभ पाण्डेय निवासी रामनगर, थाना जहांगीरगंज, जनपद अंबेडकरनगर सहित आदिश दुबे और अभय दोनों का पता अज्ञात की तलाश की जा रही है। गिरफ्तार आरोपी का पूर्व आपराधिक इतिहास नहीं मिला है, हालांकि उसके बैंक खाते पर साइबर ठगी से संबंधित शिकायतें दर्ज हैं।

इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक राजकुमार सिंह, महिला निरीक्षक विभा पाण्डेय, उपनिरीक्षक रजत सिंह, कांस्टेबल आलोक कुमार, हेड कांस्टेबल कल्लू प्रसाद, कांस्टेबल रामाश्रय यादव तथा कांस्टेबल महिपाल यादव शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *