गाजियाबाद के लोनी से एक दर्दनाक खबर आ रही है। यहां नवजीवन अस्पताल में डिलीवरी के बाद एक महिला की मौत हो गई।

गाजियाबाद के लोनी से एक दर्दनाक खबर आ रही है। यहां नवजीवन अस्पताल में डिलीवरी के बाद एक महिला की मौत हो गई। परिजनों का आरोप है कि अस्पताल की लापरवाही की वजह से उनकी पत्नी की जान चली गई।

मृतका का नाम काजल है, उम्र 27 साल। वो बागराणप, लोनी निवासी हरीश कुमार की पत्नी थीं। काजल की शादी 24 मई 2021 को हुई थी। घर में पहले से 2 बेटियां हैं, चेरी 5 साल और पीयू 3 साल।

27 जुलाई की दोपहर 1 बजे काजल को नॉर्मल डिलीवरी के लिए बंथला फ्लाईओवर के पास स्थित नवजीवन अस्पताल में भर्ती कराया गया। 28 जुलाई सुबह करीब 3:15 बजे उन्होंने बेटे को जन्म दिया।

मृतका के पति हरीश का आरोप है कि
“डिलीवरी के बाद ब्लीडिंग शुरू हो गई। डॉक्टरों ने टाइम पर इलाज नहीं किया। 4 बजे रेफर कर दिया। जीटीबी ले जाते ही मेरी पत्नी ने दम तोड़ दिया।”

पति हरीश का आरोप है कि डिलीवरी के बाद डॉक्टर सुमन त्यागी और स्टाफ ने ज्यादा ब्लीडिंग को रोकने के लिए समय पर कोई कदम नहीं उठाया। हालत बिगड़ने पर मरीज को रेफर करने में भी देरी की गई। जीटीबी अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों ने काजल को मृत घोषित कर दिया।

आरोप ये भी है कि शव लेकर जब परिजन वापस अस्पताल पहुंचे तो संचालक राहुल त्यागी और सुमन त्यागी ने धमकी दी। नवजात अभी भी नवजीवन अस्पताल में भर्ती है।

एसीपी लोनी रामकिशन राना का कहना है कि
“परिजनों ने शिकायत दी है। सीएमओ गाजियाबाद को जांच के लिए लिखा गया है। दोषी पाए जाने पर विधिक कार्रवाई की जाएगी।”

फिलहाल पुलिस ने शिकायत दर्ज कर ली है। परिजनों ने FIR दर्ज कर अस्पताल के मेडिकल रिकॉर्ड और CCTV फुटेज कब्जे में लेने की मांग की है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *