तिर्वा नगर में प्रवेश नहीं मिलने पर ऑटो चालकों ने किया चक्का जाम, पुलिस से बहस
रीना वर्मा
कन्नौज। ऑटो चालक जहां नगर में जाम की समस्या को लेकर जनमानस की बड़ी समस्या का कारण बने हुए हैं वहीं दूसरी ओर नगर के अंदर से गंतव्य तक पहुंचने को संसाधन ना मिलने से भी लोग परेशान नजर आ रहे हैं।
वहीं दूसरी ओर नगर में ऑटो चालकों को प्रतिबंधित कर दिए जाने के बाद ऑटो चालक भी अपनी अपनी समस्या का रोना रो रहे हैं। ऑटो चालकों का कहना है कि, अगर उनको सवारियां नहीं मिलेंगी तो उनकी जीविका पर बड़ा प्रभाव पड़ेगा। गत दिन अपनी समस्या को लेकर ऑटो चालकों ने तिर्वा कन्नौज मार्ग पर चक्का जाम भी कर दिया था। फिलहाल अभी तक समस्या का कोई स्थाई हल नहीं निकल सका है।
बताते चलें कि, तिर्वा नगर में बढ़ती भीड़ में शामिल लोग आय दिन किसी ना किसी दुर्घटना का शिकार हो रहे हैं। इसके चलते झगड़ा और विवाद भी अब आम बात हो गई है।
नगर के तिर्वा कन्नौज मार्ग का हाल हो या फिर तिर्वा ठठिया मार्ग या फिर तिर्वा बेला वाया औरैया या कहें तिर्वा खैरनगर वाया औसेर मार्ग का।
उपरोक्त सभी मार्गों पर चलने वाले ऑटो चालक लोगों की बड़ी परेशानी का कारण बने हुए हैं। बात करें समस्याओं की तो, जगह बेजगह खड़े होने वाले ऑटो जहां तिर्वा नगर के विभिन्न मार्गों पर जाम लगवाने से नहीं चूकते,वहीं किसी भी समय कहीं भी अचानक अपनी गाड़ियों को बेहिसाब अचानक मोड़ देने के कारण दुर्घटनाओं का कारण भी बने हुए हैं। नगर की सड़कों पर दुकानदारों द्वारा फैलाया गया अतिक्रमण भी दुर्घटनाओं में अपनी अहम भूमिका निभा रहा है।
बताते चलें कि, विगत दिन जारी फरमान के बाद नगर में ऑटो चालकों का प्रवेश प्रतिबंधित कर दिया गया है। और इन ऑटो चालकों के लिए उपरोक्त मार्गों पर एक निश्चित स्थान सवारियों को गंतव्य तक के जाने के लिए भी तय कर दिया गया है।इसके बाद भी ऑटो चालक अपनी परेशानियों का रोना रो रहे हैं। उनका कहना है कि, उनको सवारियां नहीं मिल रही हैं और उनकी जीविका प्रभावित हो रही है।
अपनी इस समस्या और नगर के अंदर प्रवेश ना मिल पाने को लेकर गत दिन ऑटो चालकों ने तिर्वा कन्नौज मार्ग पर तहसील मुख्यालय के निकट चक्का भी जाम कर दिया था। स्थित यह हुई कि, मुख्य मार्ग पर चक्का जाम के कारण आवागमन करने वाले वाहनों की लंबी कतारें चंद मिनटों में ही नजर आने लगीं।
मामले की सूचना पर मौके पर पहुंची स्थानीय पुलिस और ऑटो चालकों के मध्य बहस होती नजर आई।
जहां ऑटो चालक अपनी मांगों को लेकर अड़े नजर आए वहीं पुलिस ने संबंधित अधिकारियों तक उनकी समस्या पहुंचा कर उनकी समस्या हल करवाने का आश्वाशन भी दिया।
बताते चलें कि, नगर के लोगों की माने तो ऑटो चालकों का नगर के अंदर प्रवेश होना जाम और विवाद का कारण बन जाता है, इसलिए ऑटो का संचालन नगर के बाहर से ही होना सही है। वहीं आवागमन करने वाले लोगों का कहना है कि उन्हें संसाधन नहीं मिल पाते, जिस कारण उन्हें गंतव्य तक पहुंचने को नगर में निर्धारित स्थान तक परेशानियों के बीच पहुंचकर गंतव्य को रवाना होना पड़ता है।
फिलहाल उपरोक्त समस्या को लेकर जिला प्रशासन को कोई उपयुक्त कदम उठाना है होगा, जिससे नगर के लोगों को जाम और आय दिनों के विवादों से मुक्ति मिल सके और आवागमन करने वाले लोगों को भी।
इसके अलावा ऑटो चालकों की रोजी रोटी भी प्रभावित ना हो।
