ग्रामसभा की जमीन पर दोबारा गुमटी रखने का आरोप, ग्रामीणों ने डीएम और एसएसपी से लगाई गुहार
आजमगढ़। सरायमीर थाना क्षेत्र के फत्तनपुर गांव के ग्रामीणों ने ग्रामसभा की भूमि पर कथित अतिक्रमण को लेकर जिलाधिकारी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र सौंपकर कार्रवाई की मांग की है। ग्रामीणों का आरोप है कि बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा स्थापित स्थल की जमीन पर कुछ लोगों ने दोबारा गुमटी रख दी है, जिससे गांव में तनाव और अशांति का माहौल बन गया है।
ग्रामीणों के अनुसार, ग्रामसभा की सर्वसम्मति से गांव की सार्वजनिक भूमि पर बाबा साहब की प्रतिमा स्थापित की गई थी। आरोप है कि वर्ष 2017 में इसी भूमि पर रामशब्द नामक व्यक्ति ने गुमटी रखी थी, जिसका ग्रामीणों ने विरोध किया था। मामला सरायमीर थाने पहुंचने पर दोनों पक्षों के बीच समझौता हुआ था और गुमटी हटा ली गई थी। साथ ही भविष्य में दोबारा गुमटी न रखने का आश्वासन भी दिया गया था।
ग्रामीणों का कहना है कि 15 जून 2026 को रामशब्द सहित कई लोगों ने पुनः उक्त जमीन पर गुमटी रख दी। विरोध करने पर संबंधित लोगों ने दावा किया कि उन्हें उपजिलाधिकारी निजामाबाद की ओर से अनुमति प्राप्त है। हालांकि ग्रामीणों द्वारा आदेश की प्रति मांगने पर कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किया गया।
प्रार्थी रामनरेश पुत्र इन्द्राज एवं अन्य ग्रामवासियों ने जिलाधिकारी और एसएसपी से मामले की जांच कर ग्रामसभा की जमीन से गुमटी हटवाने तथा स्थिति को सामान्य बनाए रखने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो गांव में विवाद और बढ़ सकता है।
