ठठिया में मेन रोड पर जलभराव से राहगीर और दुकानदार परेशान

ठठिया में मेन रोड पर जलभराव से राहगीर और दुकानदार परेशान

कन्नौज। ठठिया कस्बे में जलनिकासी की लचर व्यवस्था के चलते आम लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। मंगलवार और बुधवार को हुई बारिश ने समस्या को और गंभीर बना दिया है। कस्बे के पोस्ट ऑफिस के सामने नालियां बंद होने के कारण सड़कों पर पानी भर गया है, जिससे राहगीरों और दुकानदारों की मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही हैं।
स्थानीय लोगों के अनुसार, कई दिनों से नालियों की सफाई नहीं कराई गई है, जिसके चलते बारिश का पानी निकासी न होने से सड़क पर जमा हो गया। हालात यह हैं कि सड़क तालाब जैसी नजर आ रही है। पैदल राहगीरों को गंदे पानी से होकर गुजरना पड़ रहा है, वहीं दोपहिया और चारपहिया वाहन चालकों को भी काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
दुकानदारों का कहना है कि जलभराव के कारण ग्राहकों की आवाजाही कम हो गई है, जिससे उनके व्यापार पर सीधा असर पड़ रहा है। गंदगी और बदबू के कारण क्षेत्र में संक्रमण फैलने का भी खतरा बना हुआ है।
स्थानीय नागरिकों ने बताया कि कई बार संबंधित अधिकारियों से शिकायत की गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। लोगों ने प्रशासन से जल्द से जल्द नालियों की सफाई कराने और जलभराव की समस्या से निजात दिलाने की मांग की है। ग्राम पंचायत सचिव राजेश दुबे ने बताया कि रोड़ के दोनों तरफ नाली बनी है पर लोगों ने अपने-अपने सामने बंद कर लिया है जिसको जल्द खुलवाया जायेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *