आजमगढ़ में बुजुर्ग से ठगी का सनसनीखेज मामला, 5 करोड़ की जमीन और लाखों रुपये हड़पने का आरोप

आजमगढ़ में बुजुर्ग से ठगी का सनसनीखेज मामला, 5 करोड़ की जमीन और लाखों रुपये हड़पने का आरोप

आजमगढ़। जनपद के सिधारी थाना क्षेत्र के ग्राम गेलवारा से एक बेहद गंभीर ठगी और धोखाधड़ी का मामला सामने आया है, जिसमें एक 85 वर्षीय बुजुर्ग को झांसे में लेकर लाखों रुपये और करोड़ों की जमीन हड़पने का आरोप लगाया गया है।

पीड़ित राजेन्द्र पुत्र रामाश्रय ने बताया कि उनके पिता रामाश्रय, जो वृद्धावस्था के कारण घर पर ही रहते हैं, को गांव के ही आत्माराम गोंड ने विश्वास में लेकर एक साजिश के तहत फंसाया। आत्माराम गोंड ने बुजुर्ग को यह कहकर भरोसे में लिया कि उसके एक परिचित को विदेश से पैसा मंगवाना है और उसके लिए बैंक खाते की आवश्यकता है।

इसी बहाने आत्माराम गोंड बुजुर्ग को स्टेट बैंक ऑफ इंडिया, हरवंशपुर शाखा ले गया और 28 जनवरी 2025 को उनके नाम से खाता खुलवाया। इसके बाद अलग-अलग तिथियों पर खाते में करीब 49 लाख रुपये जमा किए गए और फिर विभिन्न माध्यमों से लगभग 37 लाख रुपये निकाल लिए गए।

आरोप है कि इसी दौरान योजनाबद्ध तरीके से बुजुर्ग को गुमराह कर ग्राम गेलवारा स्थित गाटा संख्या 355 की करीब 40 बिस्वा जमीन, जिसकी कीमत लगभग 5 करोड़ रुपये बताई जा रही है, अमजद शेख के नाम बैनामा करा लिया गया। बताया जा रहा है कि अमजद शेख उपनिबंधक कार्यालय में बैनामा लेखक के रूप में कार्य करता है, जिससे पूरे मामले में साजिश की आशंका और गहरा गई है।

पीड़ित पक्ष का कहना है कि बैंक पासबुक, चेकबुक और पैन कार्ड आज भी आत्माराम गोंड के कब्जे में हैं और दस्तावेजों के कूट रचित होने की भी आशंका जताई गई है। साथ ही, खाते से किए गए आरटीजीएस ट्रांजेक्शन और निकासी की जानकारी भी परिवार को नहीं है।

मामले की शिकायत थाना सिधारी में की गई, जहां अमजद के परिजनों को बुलाकर पूछताछ भी की गई। परिजनों ने अमजद की गलती स्वीकार करते हुए जमीन वापस कराने का आश्वासन दिया था, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है।

पीड़ित परिवार ने आशंका जताई है कि बैनामा धोखे या किसी नशीले पदार्थ के प्रभाव में कराया गया है। उन्होंने यह भी कहा कि उनके पिता ने न तो स्वेच्छा से जमीन बेची और न ही किसी को पैसे ट्रांसफर किए।

पीड़ित ने प्रशासन से मांग की है कि इस पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराई जाए और आरोपी आत्माराम गोंड, अमजद शेख, संतोष कुमार यादव और नंदलाल यादव के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।

फिलहाल पुलिस द्वारा मामले की जांच की बात कही जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *