आधी रात में गोवंश चोरी और अवैध गोवध करने वाले दो शातिर बदमाश मुठभेड़ में घायल, गिरफ्तार
आजमगढ़ : जिले के थाना मुबारकपुर पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। ग्राम बम्हौर में गोवंश चोरी कर अवैध गोवध करने वाले दो शातिर अभियुक्तों को पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक नगर व क्षेत्राधिकारी सदर आस्था जायसवाल के पर्यवेक्षण में चलाए जा रहे अपराध व गोतस्करी विरोधी अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई।
बीती 20/21 मार्च की रात ग्राम बम्हौर निवासी उषा देवी के आम के बाग से अज्ञात लोगों ने एक बछड़ा चोरी कर लिया था और उसका वध कर मांस वहीं फेंक दिया था। तहरीर मिलने के बाद पुलिस ने मामले की गंभीरता से जांच शुरू की, जिसमें इमरान उर्फ लड्डू उम्र 28 वर्ष वर्ष और कासिद उम्र 21 वर्ष वर्ष के नाम सामने आए।

25/26 मार्च की रात प्रभारी निरीक्षक शशि मौलि पाण्डेय के नेतृत्व में पुलिस टीम क्षेत्र में संदिग्धों की तलाश कर रही थी। मुखबिर की सूचना पर बावन बीघा मैदान, गजहड़ा के पास घेराबंदी की गई। पुलिस को देखते ही अभियुक्त मोटरसाइकिल से भागने लगे और फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में दोनों बदमाश घायल हो गए और मौके से गिरफ्तार कर लिए गए।
पुलिस ने आरोपियों के पास से 2 अवैध तमंचे, 2 जिंदा कारतूस, 2 खोखा कारतूस, चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की है।
पूछताछ में अभियुक्तों ने बताया कि वे दिन में रेकी करते थे और रात में पशु चोरी कर गोवध करते थे। इसके बाद मांस को 400-500 रुपये प्रति किलो में बेचकर आर्थिक लाभ कमाते थे।
घायल अभियुक्तों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मुबारकपुर में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
