नव निर्माण के 09 वर्ष पर प्रदर्शनी का जिलाधिकारी ने किया उद्घाटन,प्रदर्शनी में “योगी की पाती” रही आकर्षण का केंद्र

नव निर्माण के 09 वर्ष पर प्रदर्शनी का जिलाधिकारी ने किया उद्घाटन,प्रदर्शनी में “योगी की पाती” रही आकर्षण का केंद्र

उत्तर प्रदेश सरकार के नवनिर्माण के 09 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर सूचना एवं जनसम्पर्क विभाग द्वारा ‘‘समृद्धि का नवयुग, यूपी का स्वर्णयुग’’ तथा “विकसित भारत–विकसित उत्तर प्रदेश 2047” थीम पर हरिऔध कला केन्द्र प्रांगण में आयोजित 09 दिवसीय प्रदर्शनी एवं प्रचार साहित्य स्टॉल का शुक्रवार को जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार ने उद्घाटन कर अवलोकन किया।

इस अवसर पर जिलाधिकारी ने प्रदर्शनी में प्रदर्शित शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं, नीतियों, उपलब्धियों तथा विकास कार्यों की जानकारी को आमजन तक पहुंचाने के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश आज विकास, सुशासन और सांस्कृतिक पुनर्जागरण के नये आयाम स्थापित कर रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार के पिछले नौ वर्षों में आधारभूत संरचना, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, उद्योग, रोजगार तथा सामाजिक सुरक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति हुई है, जिसका सीधा लाभ प्रदेश की जनता को प्राप्त हो रहा है।

जिलाधिकारी ने जनपदवासियों विशेषकर युवाओं से अपील किया कि वे अधिक से अधिक संख्या में इस प्रदर्शनी का अवलोकन करें तथा शासन की विभिन्न योजनाओं, नीतियों एवं उपलब्धियों की जानकारी प्राप्त कर उनका लाभ उठाएं।

प्रदर्शनी में विभिन्न लाभार्थीपरक योजनाओं की विस्तृत जानकारी आकर्षक चित्रों एवं सूचना पैनलों के माध्यम से प्रस्तुत की गई है। इनमें मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान, वृद्धावस्था पेंशन योजना, निराश्रित महिला पेंशन योजना, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, प्रधानमंत्री मुद्रा योजना, पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना, मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना, प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना, प्रधानमंत्री अनुसूचित जाति अभ्युदय योजना, मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना, दिव्यांगजन ट्राई साइकिल वितरण योजना, प्रधानमंत्री स्टार्ट-अप योजना, मुख्यमंत्री अप्रेन्टिसशिप योजना, एक जनपद एक उत्पाद योजना, मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना तथा विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना आदि को समाहित किया गया है।

प्रदर्शनी का एक विशेष आकर्षण “योगी की पाती” रहा, जिसमें मुख्यमंत्री द्वारा समय-समय पर प्रदेशवासियों को लिखे गए प्रेरणादायी जन संदेशों को प्रदर्शित किया गया है। इन संदेशों में मिशन शक्ति के पांचवें चरण का शुभारम्भ, शारदीय नवरात्रि, आदिकवि महर्षि वाल्मीकि जयंती, दीपावली पर स्वदेशी का संकल्प, एक जिला–एक नदी अभियान, नदियों एवं घाटों की स्वच्छता, युवाओं के नाम सीएम युवा योजना, एक जनपद एक उत्पाद, धरती आबा बिरसा मुंडा जयंती, अयोध्या दीपोत्सव, संविधान दिवस, यूनेस्को मुख्यालय में भारत रत्न डॉ० भीमराव अम्बेडकर की प्रतिमा का अनावरण, दीपावली को यूनेस्को की अमूर्त सांस्कृतिक धरोहर सूची में शामिल किया जाना, शीतलहर से बचाव हेतु राहत कार्य, टेक्नोलॉजी, एआई एवं डेटा में नवाचार, डिजिटल अरेस्ट व सोशल मीडिया अफवाहों से बचाव, सड़क सुरक्षा जागरूकता, महिला सशक्तीकरण तथा चैत्र नवरात्रि, रामनवमी और विक्रम संवत् की शुभकामनाओं से जुड़े संदेश प्रमुख रूप से प्रदर्शित किए गए हैं।

इन संदेशों के माध्यम से मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को जागरूक, प्रेरित और प्रोत्साहित करते हुए समाज में सकारात्मक बदलाव तथा विकास की दिशा में आगे बढ़ने का आह्वान किया है। प्रदर्शनी में “योगी की पाती” आमजन के बीच विशेष उत्सुकता और आकर्षण का केन्द्र बनी हुई है।

प्रदर्शनी के दौरान बड़ी संख्या में आमजन, विद्यार्थी, युवाओं तथा मीडिया प्रतिनिधियों ने उपस्थित होकर प्रदर्शनी का अवलोकन किया और शासन की योजनाओं के बारे में जानकारी प्राप्त की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *