सीएचओ-एएनएम की हड़ताल से आयुष्मान आरोग्य मंदिरों पर लटके ताले, इलाज को भटक रहे सैकड़ों मरीज

सीएचओ-एएनएम की हड़ताल से आयुष्मान आरोग्य मंदिरों पर लटके ताले, इलाज को भटक रहे सैकड़ों मरीज

सीएचओ और संविदा एएनएम की हड़ताल से चरमराई स्वास्थ्य व्यवस्था, केंद्रों से लौट रहे मरीज

ठठिया संवाददाता। क्षेत्र की ग्राम पंचायत पैथाना, सुरसी, फखरपुर बरेवा, जैनपुर, गुरौली, रूरा, बेहटा, भदौसी, तिजलापुर, फुलवारी, चंदौली और खामा समेत कई पंचायतों में संचालित आयुष्मान आरोग्य मंदिरों पर स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित हैं। सीएचओ और संविदा एएनएम के विभिन्न मांगों को लेकर 30 सितंबर से हड़ताल पर चले जाने के कारण कई स्वास्थ्य केंद्रों पर ताले लटके हैं।
केंद्र बंद होने से ग्रामीणों को नियमित स्वास्थ्य जांच, चिकित्सकीय परामर्श और दवा वितरण जैसी प्राथमिक स्वास्थ्य सुविधाएं नहीं मिल पा रही हैं। रोजाना इलाज और जांच के लिए पहुंचने वाले सैकड़ों मरीजों को केंद्र बंद मिलने पर बैरंग लौटना पड़ रहा है।
इन दिनों वायरल बुखार समेत अन्य मौसमी बीमारियों के मरीजों की संख्या बढ़ने से ग्रामीणों की परेशानी और बढ़ गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि गांव में ही प्राथमिक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध होने की उम्मीद में मरीज आयुष्मान आरोग्य मंदिर पहुंचते हैं, लेकिन केंद्र बंद होने से उन्हें इलाज के लिए दूर जाना पड़ रहा है।
हड़ताल के चलते ग्रामीण क्षेत्रों की स्वास्थ्य व्यवस्था पर इसका सीधा असर दिखाई दे रहा है। लोगों ने संबंधित अधिकारियों से जल्द पहल कर स्वास्थ्य केंद्रों पर सेवाएं बहाल कराने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *