तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने बाइक सवार युवक को कुचला, मौके पर मौत
हाथरस। आगरा-अलीगढ़ मार्ग पर मंगलवार देर रात रामबाग इंटर कॉलेज के सामने ओवरब्रिज पर तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने बाइक सवार युवक को कुचल दिया। हादसे में सहपऊ क्षेत्र के परसौरा निवासी सुनील (28) पुत्र रामरूप की मौके पर ही मौत हो गई।
सुनील अपनी ससुराल खंदारी गढ़ी आया हुआ था और रात में वापस लौटने की बात कहकर निकला था। वह बिल्डिंग निर्माण में ठेकेदारी का काम करता था और उसके तीन बच्चे हैं। हादसे की सूचना पर परिजन जिला अस्पताल पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक के ससुर के मुताबिक, सुनील के साथ एक अन्य युवक भी था, जो हादसे के बाद मौके पर नहीं मिला। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
