खेत में काम कर रहे मां-बेटे पर गिरी आकाशीय बिजली, बेटे की मौत, मां गंभीर घायल

खेत में काम कर रहे मां-बेटे पर गिरी आकाशीय बिजली, बेटे की मौत, मां गंभीर घायल

ठठिया संवाददाता। थाना क्षेत्र की खैरनगर चौकी के गौरनपुर्वा गांव में शनिवार शाम बारिश के दौरान आकाशीय बिजली गिरने से मां-बेटा झुलस गए। हादसे में 25 वर्षीय बेटे की मौत हो गई, जबकि उसकी मां गंभीर रूप से झुलस गईं। महिला को राजकीय मेडिकल कॉलेज तिर्वा में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया।
जानकारी के अनुसार गौरनपुर्वा निवासी चन्दन कुशवाहा (25) पुत्र रामबाबू कुशवाहा शनिवार को अपनी मां अरुणा के साथ खेतों पर काम कर रहे थे। दोपहर बाद अचानक मौसम बिगड़ गया और झमाझम बारिश शुरू हो गई। बारिश से बचने के लिए दोनों खेत के पास स्थित कच्चे मकान के समीप तथा पास में खड़े पेड़ के नीचे खड़े हो गए।
बताया गया कि शाम करीब 4:30 बजे तेज गरज-चमक के साथ अचानक आकाशीय बिजली गिर गई। इसकी चपेट में आने से चन्दन और उसकी मां अरुणा गंभीर रूप से झुलस गए। तेज आवाज सुनकर आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। दूर खड़े ग्रामीणों ने दोनों को जमीन पर पड़ा देखा तो मौके पर चीख-पुकार मच गई। ग्रामीण आनन-फानन में दोनों को लेकर राजकीय मेडिकल कॉलेज तिर्वा पहुंचे।
मेडिकल कॉलेज में चिकित्सकों ने जांच के बाद चन्दन कुशवाहा को मृत घोषित कर दिया। वहीं गंभीर रूप से झुलसी अरुणा का उपचार चल रहा है। उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
दो साल पहले हुई थी शादी, डेढ़ साल की बेटी ने खोया पिता
चन्दन की शादी करीब दो वर्ष पहले किरन के साथ हुई थी। दंपती की करीब डेढ़ साल की बेटी रुचिका है। पिता की अचानक मौत से मासूम बच्ची के सिर से पिता का साया उठ गया। हादसे की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और पत्नी समेत परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
हादसे की सूचना के बाद गांव में भी मातम छा गया। ग्रामीणों ने पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *