तहसील लालगंज में सम्पूर्ण समाधान दिवस, 103 शिकायतों में 19 का मौके पर निस्तारण
आजमगढ़। जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार की संयुक्त अध्यक्षता में सोमवार को तहसील लालगंज में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान अधिकारियों ने आमजन की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को शिकायतों का निष्पक्ष, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
सम्पूर्ण समाधान दिवस में कुल 103 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 19 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष 84 शिकायतों को संबंधित विभागों को सौंपते हुए समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने प्रत्येक शिकायत की केस-टू-केस समीक्षा करते हुए कहा कि समाधान दिवस में प्राप्त शिकायतों को महज औपचारिकता न माना जाए। राजस्व संबंधी मामलों में पुलिस एवं राजस्व विभाग के अधिकारी विशेष संवेदनशीलता के साथ निष्पक्ष जांच कर स्थायी समाधान सुनिश्चित करें। उन्होंने ऐसे मामलों में, जहां मौके पर जांच अथवा संयुक्त कार्रवाई जरूरी हो, संबंधित विभागों की संयुक्त टीम गठित कर मौके पर भेजने के निर्देश दिए, ताकि फरियादियों को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
समाधान दिवस में दिव्यांग प्रमाण-पत्र, भूमि विवाद, राशन कार्ड, नहर में पानी की उपलब्धता, विद्युत आपूर्ति सहित विभिन्न विभागों से जुड़ी शिकायतें सामने आईं। जिलाधिकारी ने गंभीर एवं त्वरित समाधान वाले मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित करने तथा शिकायतकर्ता को की गई कार्रवाई से अवगत कराने के निर्देश दिए।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने कहा कि शिकायतों का प्रारंभिक स्तर पर ही प्रभावी निस्तारण होने से फरियादियों को बार-बार अधिकारियों के पास आने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी। उन्होंने पुलिस एवं राजस्व विभाग के अधिकारियों को बेहतर समन्वय स्थापित कर संयुक्त रूप से कार्य करने के निर्देश दिए।
एसएसपी ने मेड़बंदी तोड़ने, जबरन कब्जा करने अथवा कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वाले लोगों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करने को कहा। उन्होंने कहा कि निष्पक्ष और समयबद्ध कार्रवाई से शिकायतों में कमी आएगी तथा आमजन का प्रशासन के प्रति विश्वास और मजबूत होगा।
बताया गया कि 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस होने के कारण माह के तीसरे शनिवार का सम्पूर्ण समाधान दिवस अगले कार्यदिवस सोमवार को जनपद की सभी तहसीलों में आयोजित किया गया। अन्य तहसीलों में भी नामित अधिकारियों की अध्यक्षता में फरियादियों की समस्याएं सुनी गईं।
इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एन.आर. वर्मा, परियोजना निदेशक सच्चिदानंद प्रसाद, डीसी एनआरएलएम डॉ. अराधना त्रिपाठी, उपजिलाधिकारी लालगंज नेहा मिश्रा, तहसीलदार लालगंज सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।
