फर्जी खतौनी से 35 लाख की जमीन ठगी का पर्दाफाश, मास्टरमाइंड शोभनाथ सेठ समेत 4 गिरफ्तार

फर्जी खतौनी से 35 लाख की जमीन ठगी का पर्दाफाश, मास्टरमाइंड शोभनाथ सेठ समेत 4 गिरफ्तार

आजमगढ़ जिले के थाना अहरौला पुलिस ने फर्जी खतौनी के आधार पर जमीन बेचने का झांसा देकर 35 लाख रुपये की ठगी करने वाले चार सदस्यीय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए मास्टरमाइंड शोभनाथ सेठ समेत चार अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त एक क्रेटा कार और पांच मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण चिराग जैन एवं क्षेत्राधिकारी बुढ़नपुर के पर्यवेक्षण में शुक्रवार को थाना अहरौला पुलिस संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि थाना अहरौला पर दर्ज जमीन ठगी के मुकदमे से संबंधित आरोपी बरामदपुर पुलिया की ओर आ रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर क्रेटा कार को रोककर तलाशी ली और चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों में शोभनाथ सेठ उम्र 46 वर्ष, सुधीर सेठ उम्र 36 वर्ष , इन्द्रभूषण सेठ उम्र 23 वर्ष निवासी मतलूबपुर थाना अहरौला तथा मुन्नीलाल शर्मा उम्र 23 वर्ष निवासी दनियालपुर थाना अहरौला शामिल हैं।

पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे लोगों को फर्जी एवं कूटरचित खतौनी दिखाकर जमीन बेचने का झांसा देते थे। विश्वास में लेकर बैंक खाते में आरटीजीएस और नकद के माध्यम से लाखों रुपये प्राप्त कर लेते थे, लेकिन न तो जमीन का बैनामा करते थे और न ही रकम वापस करते थे। पैसा मांगने पर पीड़ितों को गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी दी जाती थी।

इस मामले में अतरौलिया थाना क्षेत्र निवासी दुर्गेश कुमार पाण्डेय की तहरीर पर थाना अहरौला में मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू की गई थी।

पुलिस के अनुसार मुख्य आरोपी शोभनाथ सेठ और सुधीर सेठ के खिलाफ पहले से भी धोखाधड़ी के कई मुकदमे दर्ज हैं। वहीं शोभनाथ सेठ के विरुद्ध माननीय न्यायालय में एनआई एक्ट के 20 से अधिक मामले विचाराधीन हैं।
पुलिस ने घटना में प्रयुक्त एक क्रेटा कार, 05 मोबाइल फोन बरामद किया है। पुलिस ने चारों आरोपियों को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *