मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना का शुभारंभ, कारागार मंत्री व जिलाधिकारी ने 15 शिक्षकों व कर्मचारियों को मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा डेमो कार्ड प्रदान कर किया सम्मानित

मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना का शुभारंभ, कारागार मंत्री व जिलाधिकारी ने 15 शिक्षकों व कर्मचारियों को मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा डेमो कार्ड प्रदान कर किया सम्मानित

प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वाराणसी से मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना का शुभारंभ किया। इस अवसर पर आजमगढ़ के हरिऔध कला केंद्र में कार्यक्रम का सजीव प्रसारण किया गया, जिसमें प्रदेश के कारागार मंत्री दारा सिंह चौहान और जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार मौजूद रहे। कार्यक्रम का प्रसारण जिले के सभी बीआरसी एवं विद्यालयों में भी देखा गया।

कार्यक्रम के दौरान कारागार मंत्री और जिलाधिकारी ने 15 शिक्षकों एवं कर्मचारियों को मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना के प्रतीकात्मक डेमो कार्ड प्रदान कर सम्मानित किया। लाभार्थियों में रवि प्रकाश पाठक, आलोक चतुर्वेदी, इस्तेयाक अहमद, जितेन्द्र कुमार यादव, अजय प्रताप सिंह, पंकज कुमार मौर्य, पवन कुमार श्रीवास्तव, प्रवीण कुमार सिंह, नीलम सिंह, अर्चना श्रीवास्तव, प्रभा यादव, जालन्धर कुमार, राजेश कुमार सिंह, राधेश्याम यादव और रीना पाण्डेय शामिल रहे।

मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना के तहत प्रदेश के लगभग 12 लाख शिक्षक, शिक्षणेत्तर कर्मचारी तथा उनके आश्रितों को आयुष्मान भारत से संबद्ध अस्पतालों में 5 लाख रुपये तक की कैशलेस स्वास्थ्य सुविधा मिलेगी। योजना में शिक्षक, शिक्षामित्र, अनुदेशक, रसोइया, वार्डन तथा बेसिक एवं माध्यमिक शिक्षा विभाग के अन्य कर्मचारी शामिल हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि शिक्षकों और कर्मचारियों की सामाजिक सुरक्षा को मजबूत करने के लिए 10 लाख रुपये का ग्रुप टर्म इंश्योरेंस, 1 करोड़ रुपये का पर्सनल एक्सीडेंट कवर, 1 करोड़ रुपये का स्थायी दिव्यांगता कवर तथा 1.6 करोड़ रुपये का एयर एक्सीडेंट इंश्योरेंस भी उपलब्ध कराया जाएगा। इसके अलावा किसी अनहोनी की स्थिति में बच्चों की शिक्षा और पुत्रियों के विवाह के लिए भी अतिरिक्त सुरक्षा प्रावधान किए गए हैं।

कारागार मंत्री दारा सिंह चौहान ने कहा कि यह योजना शिक्षा, स्वास्थ्य और सामाजिक सुरक्षा के क्षेत्र में प्रदेश सरकार का ऐतिहासिक कदम है, जिससे शिक्षकों और कर्मचारियों के जीवन में सकारात्मक बदलाव आएगा।

जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार ने बताया कि जनपद में बेसिक शिक्षा परिषद के 23,317 शिक्षक, शिक्षामित्र, विशेष शिक्षक, अनुदेशक, रसोइये, वार्डन तथा उनके आश्रितों के साथ-साथ माध्यमिक शिक्षा विभाग के 1,758 शिक्षक एवं कर्मचारियों को भी योजना का लाभ मिलेगा। उन्होंने बेसिक शिक्षा अधिकारी और जिला विद्यालय निरीक्षक को सभी पात्र लाभार्थियों का शीघ्र सत्यापन कर योजना का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

इस अवसर पर भारतीय स्टेट बैंक के मुख्य प्रबंधक अजीत कुमार ने बताया कि एसबीआई और बेसिक शिक्षा विभाग के बीच शिक्षकों एवं कर्मचारियों के लिए विशेष सैलरी अकाउंट शुरू करने हेतु एमओयू पर हस्ताक्षर किए गए हैं।

कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी परीक्षित खटाना, जिला विद्यालय निरीक्षक अजय कुमार, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी राजीव पाठक, संयुक्त निदेशक माध्यमिक शिक्षा, एडी बेसिक शिक्षा, सभी खंड शिक्षा अधिकारी तथा बड़ी संख्या में शिक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *